नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है । धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या करने की धमकी दी है, इसके बदले 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई । आरोपी ने यह धमकी दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को फोन और व्हाट्सएप संदेश के जरिए दी ।
विधायक जरनैल सिंह को आया धमकी भरा मैसेज
विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी के पास शिकायत दर्ज कराई थी, उन्होंने बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई थी। इसके अलावा व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश भेजने वाले का प्रोफाइल नाम 'H' दिखाई दे रहा था । आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और 7 करोड़ रुपये देने की मांग की। पैसे नहीं देने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप संदेश की जांच कर रही है।