प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में मंत्रियों और अधिकारियों के साथ करीब पांच घंटे तक मंथन किया। सुबह 10 बजे शुरू हुई बैठक दोपहर 3 बजे तक चली । इस दौरान अलग-अलग मंत्रालयों के कामकाज और सरकार की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई। कई विभागों के सचिवों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए अपने काम और उपलब्धियों की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 40 मिनट तक संबोधित किया, उन्होंने देश के युवाओं और बच्चों को नशे से बचाने पर खास जोर दिया । पीएम ने मंत्रियों से कहा कि जिस हौसले के साथ वामपंथी उग्रवाद और नक्सल हिंसा का मुकाबला किया गया, उसी जज्बे के साथ नशे के खिलाफ भी अभियान चलाना होगा। इसी साल अगस्त में उन्होंने 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' शुरू किया था।
गरीबी और सरकारी योजनाओं पर प्रेजेंटेशन
बैठक में आर्थिक मामलों के विभाग की सचिव अनुराधा ठाकुर ने विश्व बैंक की रिपोर्ट के आधार पर गरीबी में आई कमी को लेकर प्रस्तुति दी। इसमें विकास दर, पूंजीगत खर्च और बुनियादी ढांचे के विस्तार को गरीबी घटने की प्रमुख वजह बताया गया । आधे दर्जन से अधिक मंत्रालयों के सचिवों ने गरीबी उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, ग्रामीण आजीविका, कृषि, दूरसंचार और वित्तीय समावेशन से जुड़े प्रयास शामिल रहे, इन पहलों से 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा
गृह सचिव गोविंद मोहन ने वामपंथी उग्रवाद और नक्सली हिंसा के खिलाफ सरकार की कार्रवाई पर प्रेजेंटेशन दिया । सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने के लिए मार्च 2026 की समयसीमा तय की थी, बैठक में इस मोर्चे पर मिली सफलता का ब्योरा रखा गया। इसके साथ ही नशे के खिलाफ अभियान को भी इसी तरह तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।