प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में FICCI के शताब्दी सम्मेलन में देश की आर्थिक तरक्की का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा । उन्होंने कहा कि किसानों, छोटे कारोबारियों, उद्योगों, संपत्ति बनाने वालों और टैक्स देने वालों का सम्मान किए बिना कोई देश आगे नहीं बढ़ सकता । देश की प्रगति में योगदान देने वालों को दिन-रात गाली देने से विकास नहीं होता, मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब एक दिन पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था ।
मोदी ने गिनाए अर्थव्यवस्था के आंकड़े
भारत मंडपम में आयोजित फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है, प्रमुख संस्थानों के अनुमानों के मुताबिक देश की विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने की उम्मीद है ।उन्होंने बताया कि अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है।
PM मोदी ने कहा कि भारत के प्रदर्शन को देखते हुए मूडीज, S&P ग्लोबल रेटिंग्स, फिच, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी संस्थाएं विकास के अपने अनुमानों में बढ़ोतरी कर रही हैं ।प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों के निवेश फैसलों में 'इंडिया फर्स्ट' को आधार बनाने और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की अपील की।
राहुल गांधी ने बताया था आर्थिक आपदा का खतरा
इससे एक दिन पहले 18 नवंबर को राहुल गांधी ने अमेरिका यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि भारत आर्थिक आपदा के दरवाजे पर खड़ा है, उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक, आर्थिक असमानता और छोटे कारोबारियों की समस्याओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे ।
भारत एक आर्थिक आपदा के दरवाज़े पर खड़ा है - ये एक कड़वी सच्चाई है। आज एक युवा को भरोसा नहीं कि उसकी डिग्री उसे नौकरी दिला पाएगी। एक छात्र को डर है कि कहीं पेपर लीक से उसका भविष्य बर्बाद न हो जाए। छोटे कारोबारी सरकारी प्रताड़ना और कुछ अरबपतियों के मोनोपॉली के डर के साए में जी रहे हैं। रोज़गार के अवसर घट रहे हैं और आर्थिक असमानता बढ़ रही है। आज का भारत, वो भारत नहीं है जिसकी मज़बूत आर्थिक बुनियाद कांग्रेस ने दशकों की मेहनत से खड़ी की थी। मीडिया इस सच्चाई को दबा सकता है, प्रधानमंत्री इससे मुँह मोड़ सकते हैं, लेकिन हकीकत नहीं बदल सकती। और ये आर्थिक आपदा खुद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने हाथों से बनाई है - ये एक और कड़वी सच्चाई है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 18, 2026
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि युवाओं को अपनी डिग्री के आधार पर नौकरी मिलने का भरोसा नहीं है रोजगार के अवसर घट रहे हैं और कुछ अरबपतियों की मोनोपॉली का डर छोटे कारोबारियों पर बना हुआ है । उन्होंने देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति के लिए प्रधानमंत्री मोदी को जिम्मेदार ठहराया था।
FICCI के 100 साल पूरे होने पर हुआ सम्मेलन
FICCI का शताब्दी सम्मेलन दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हुआ। संस्था की स्थापना 1927 में हुई थी और यह 2026-27 में अपने 100 वर्ष पूरे कर रही है। सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ कारोबारी, नीति निर्माता और अन्य प्रमुख लोग शामिल हुए ।