तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान विवादित पत्थर के स्तंभ (दीपथून) पर दीप नहीं जलाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हो रही है । भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि अधिकारियों का पक्ष सुनने से पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराया जाना चाहिए और दीपथून पर दीप जलाया जाना चाहिए ।
मामले की सुनवाई जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ कर रही है, याचिकाकर्ताओं ने दीप नहीं जलाने को अदालत के आदेश की अवहेलना बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की है ।
याचिकाकर्ताओं ने मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को हटाने की मांग की
याचिकाकर्ताओं के वकील गुरु कृष्णकुमार ने अदालत में कहा कि दीप जलाने की जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन, जिला कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों की थी । उनके मुताबिक अधिकारियों ने दीप जलाने के अलावा बाकी व्यवस्थाएं कीं, लेकिन आदेश का पालन नहीं किया, उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट बोर्ड का प्रस्ताव शाम 7:30 बजे सामने आया, जबकि दीप जलाने का निर्धारित समय शाम 6 से 6:30 बजे था, ASI से भी सलाह नहीं ली गई।
याचिकाकर्ताओं ने ट्रस्ट बोर्ड को हटाने, दीपथून पर दीप जलाने का आदेश देने और मंदिर को ASI या किसी अन्य एजेंसी के हवाले करने की मांग की, अदालत ने पूछा कि मामला सिविल अवमानना का है या आपराधिक अवमानना का। वकील ने कहा कि दोनों तरह की अवमानना हुई है और राजनीतिक नेतृत्व तथा संबंधित मंत्री भी जिम्मेदार हैं।
ASI ने पुलिस पर टीम को रोकने का आरोप लगाया
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि 24 नवंबर को ASI की टीम को पुलिस ने रोक दिया और दीपथून तक जाने नहीं दिया, मंदिर ट्रस्ट ने भी अधिकारियों को दीप जलाने के लिए निर्देश नहीं मिलने की बात कही थी । मेहता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार शुरू से ही दीप जलाने के खिलाफ थी और आदेश के अगले दिन पुनर्विचार याचिका दाखिल करने से उसके पालन की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती।
उन्होंने अदालत से अधिकारियों का पक्ष सुनने से पहले दीप जलाने और मामले की निगरानी किसी दूसरी एजेंसी से कराने की मांग की ।
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने दी थी अनुमति
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के अवसर पर 24 नवंबर को दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी, इसके लिए मंदिर प्रशासन की अधिकृत टीम बनाने और जिला कलेक्टर को ASI तथा पुलिस के साथ व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया था। आम लोगों के प्रवेश और प्रदर्शन पर रोक थी।
21 नवंबर को तमिलनाडु सरकार ने फैसले पर पुनर्विचार याचिका दाखिल करते हुए कहा कि दीपथून मंदिर का धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंग्रेजों के समय का सर्वेक्षण स्तंभ है।
24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने के बजाय उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया गया। स्तंभ पर इलेक्ट्रिक लाइट जलती दिखाई दी। इसके बाद भाजपा और हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को हाउस अरेस्ट किया गया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। पहाड़ी के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई तथा पुलिस वाहन के शीशे तोड़े गए।
25 नवंबर को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगते हुए दीप नहीं जलने के लिए मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को जिम्मेदार बताया। सरकार के मुताबिक, बोर्ड ने दीपथून पर दीप जलाने के लिए टीम को अनुमति नहीं दी और पारंपरिक स्थान पर ही दीप जलाने का फैसला किया था।
मंदिर और दरगाह के बीच पुराना विवाद
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून के पास सिकंदर बदूशा दरगाह स्थित है। मंदिर और दरगाह के बीच पहाड़ी के मालिकाना हक तथा धार्मिक अधिकारों को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। पुराने अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, 1862 और 1912 में भी स्तंभ पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी, लेकिन अधिकारियों ने अनुमति नहीं दी।
1923 में सब-कोर्ट ने पहाड़ी का मालिकाना हक मंदिर को दिया था, जबकि दरगाह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के अधिकार भी मान्य किए थे। 1926 में मद्रास हाईकोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया। इसके बाद 1931 में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने मंदिर की अपील पर 1923 के फैसले को बहाल किया। पहाड़ी मंदिर के अधिकार में मानी गई, जबकि दरगाह और रास्ते के अधिकार सुरक्षित रखे गए।
1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने मंदिर प्रशासन को पारंपरिक स्थान के अलावा पहाड़ी पर दूसरी जगह दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी। इसके लिए धार्मिक विभाग की मंजूरी और दरगाह से तय दूरी की शर्त रखी गई थी।