भारत और चीन के बीच मुकाबला अब सिर्फ सीमा तक सीमित नहीं है, चीन पर भारत की औद्योगिक निर्भरता का इस्तेमाल आर्थिक दबाव बनाने के लिए करने के आरोप लगे हैं । अमेरिकी कांग्रेस को रिपोर्ट देने वाले यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन (USCC) की 18 नवंबर को जारी 2026 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन भारत की बढ़ती ताकत को चुनौती मानता है और कई क्षेत्रों में उसकी उत्पादन क्षमता को सीमित करने की कोशिश कर रहा है।
मशीनों, दवाइयों और बैटरी तकनीक पर दबाव
रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने भारत को जरूरी औद्योगिक कच्चे माल और उपकरणों की सप्लाई सीमित की है । कुछ भारतीय कंपनियों के लिए चीनी इंजीनियरों को वापस बुलाने और उपकरणों की आपूर्ति रोकने से इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन प्रभावित हुआ है। दवा उद्योग के मामले में रिपोर्ट ने कहा कि चीन कच्चे माल की कीमतें इतनी कम कर रहा है कि भारतीय कंपनियों के लिए नए उत्पादन संयंत्रों को प्रतिस्पर्धी बनाए रखना मुश्किल हो रहा है, वहीं बैटरी तकनीक पर चीन के निर्यात नियंत्रण से भारत के स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र की योजनाओं पर असर पड़ सकता है ।
पाकिस्तान के साथ सैन्य सहयोग और हिंद महासागर में मौजूदगी
रिपोर्ट में कहा गया है कि मई 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान चीन ने सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना पाकिस्तान को मजबूत किया, इससे भारत के सामने दो मोर्चों पर चुनौती की आशंका बढ़ी है । आयोग ने सीमा के पास चीन के सैन्य विस्तार और हिंद महासागर में उसकी नौसैनिक व निगरानी गतिविधियों को भी चिंता का विषय बताया है।
भारत-अमेरिका सहयोग बढ़ाने की सिफारिश
आयोग ने भारत को एशिया में चीन के प्रभाव को संतुलित करने वाला महत्वपूर्ण देश बताया है। उसने अमेरिका को भारत के साथ रक्षा, समुद्री सुरक्षा, खुफिया जानकारी और दवा उत्पादन की सप्लाई चेन में सहयोग बढ़ाने की सलाह दी है ।हालांकि रिपोर्ट ने यह भी माना कि भारत की औद्योगिक निर्भरता अब भी चीनी मशीनों, कलपुर्जों और तकनीकी विशेषज्ञता पर काफी है। इस निर्भरता को कम करने के लिए घरेलू उत्पादन और वैकल्पिक सप्लाई चेन विकसित करने में पूंजी, तकनीक और समय लगेगा।