काहिरा। मिस्त्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार की देर रात एक भीषण हादसा हो गया। हाईवे पर तेल से भरे टैंकर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस हादसे में 31 लोगों की जान चली गई। वहीं, 21 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और आग तेजी से फैल गई। हाईवे में खड़ी और वहां से गुजर रही दूसरी गाड़ियाँ भी लपटों की चपेट में आ गईं। इस आग में 24 से ज्यादा कारें और बाइकर जल गईं। लगातार फैली आग से आसपास अफरा-तफरी मच गई। वहीं, अंदर बैठे लोगों के बचने का मौका तक नहीं मिला। घटना का एक वीडियो एक कार के डैशकैम में भी कैद हुआ है। इसमें टैंकर में धमाके का पल दिखाई देता है। आग फैलने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हैं।
अफरातफरी के बीच बचाव
हादसा काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वाराक जिले में हुआ। आग लगते ही हाईवे पर अफरातफरी मच गई और लपटें दूर-दूर तक फैल गईं। बताया गया है कि बचावकर्मियों के पहुंचने में कुछ देरी हुई। ऐसे में स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी मदद की। वहीं, सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। आग पर काबू पा लिया गया है। इसके बाद दमकलकर्मियों ने सड़क से जली हुई गाड़ियों का मलबा हटाया।
🇪🇬 Egypt . Tragic accident 😱 Egypt: At least 30 people were killed in a fire that broke out after a vehicle carrying petroleum products overturned in Giza. https://t.co/UWs6b4vNA8
— KORRINA (@KORRINA31535546) November 25, 2026
अस्पतालों में भर्ती घायल
घायलों में जायद स्पेशलाइज्ड अस्पताल, इम्बाबा जनरल अस्पताल और वर्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव अभियान में 39 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल सीसी ने हादसे के पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है।
पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
मिस्त्र में हर साल सड़क हादसों में हजारों लोगों की मौत होती है। तेज रफ्तार, खराब सड़कें और ट्रैफिक नियमों का सही तरीके से पालन होना इन दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहें मानी जाती हैं। इसी साल जनवरी में बेनी सुएफ प्रांत के पास कई गाड़ियों की भीषण टक्कर में 21 लोगों की मौत हो गई थी और 16 लोग घायल हुए थे। फिलहाल आग पर काबू पाया जा चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।