बृजेश मिश्रा ब्यूरो रिपोर्ट, अमेठी: शाहगढ़ ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत कई गांवों में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाना था, लेकिन श्रीपुर गांव में यह योजना पांच वर्ष बाद भी धरातल पर नहीं उतर सकी। 331.419 लाख रुपये की लागत से बन रही इस योजना का काम कार्यदाई संस्था एमएस वेलस्पन कावेरी प्रोजेक्ट को दिया गया है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी गांव के नलों में पानी नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों में विभाग और ठेकेदारों के प्रति भारी आक्रोश है।
सभी गांव की आबादी करीब 3500 है। यहां 400 से अधिक घरों में आज तक नल से पानी नहीं पहुंचा है। श्रीपुर के साथ ही भगवतपुर जालामा, मानापुर, दुर्जगढ़, मनीराम का पुरवा और पाठक का पुरवा में भी यही स्थिति है। इन गांवों में पाइपलाइन बिछाई गई है, कई जगह नल भी लग गए हैं, लेकिन नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। सुबह होते ही ग्रामीण हैंडपंप और कुओं पर पानी के लिए जुटने को मजबूर हैं। महिलाओं को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
ठेकेदार बदलते रहे, काम अटका रहा
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के दौरान कई ठेकेदार बदले गए। किसी ठेकेदार ने करीब एक महीने तक काम कराया तो किसी ने बीच में ही काम बंद कर दिया। काम कभी तेज गति से होता दिखता है तो कभी महीनों तक मौके पर सन्नाटा पसरा रहता है। बार-बार ठेकेदार बदलने से योजना पूरी नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे काम का सत्यापन कैसे हुआ और भुगतान किस आधार पर किया गया, इसकी जांच होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने उठाई आवाज
शिवशरण गुप्ता ने कहा कि योजना का लाभ ग्रामीणों को मिलना चाहिए, लेकिन धरातल पर स्थिति संतोषजनक नहीं है। प्रिंस तिवारी ने कहा कि पानी की समस्या से हर घर परेशान है। शैलेश पाठक ने कहा कि सरकारी योजना का उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है। विशाल सिंह ने जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की। सरदेश्वर सिंह ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। राजेंद्र गुप्ता और शशांक चौधरी ने व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई। लालचंद्र और रामनारायण ने भी पेयजल संकट पर नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को जल्द से जल्द अधूरे कार्य को पूरा कराकर गांवों में नियमित जलापूर्ति शुरू करानी चाहिए।
क्या कहते है अधिकारी?
अवर अभियंता अनिल राव ने बताया कि जल्द ही कार्य को कार्यदाई संस्था एमएस वेलस्पन कावेरी प्रोजेक्ट को निर्देशित कर पूरा कराया जाएगा, मार्च में हैंडओवर कर दिया जाएगा।