Bank Strike: यदि आपको आगामी दिनों में बैंक में कोई जरूरी कार्य निपटाना है, तो यह खबर आपके लिए है। आगामी 3 दिसंबर को देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहने वाले हैं। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) के संयुक्त आह्वान पर इस देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की गई है, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है।
क्यों की जा रही है राष्ट्रव्यापी हड़ताल?
बैंक यूनियनों का यह विरोध केंद्र सरकार द्वारा आईडीबीआई बैंक की कुल 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी कनाडा स्थित फेयरफैक्स समूह को बेचने के निर्णय के खिलाफ है। बता दें कि आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने बीते 14 अक्टूबर को इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी थी। बैंक संगठनों का कहना है कि किसी भारतीय बैंक का नियंत्रण एक विदेशी निजी कंपनी को सौंपना न तो करोड़ों बैंक ग्राहकों के हित में है और न ही देश की बैंकिंग व्यवस्था के लिए उचित है।
एमपी के बैंककर्मी हड़ताल में होंगे शामिल
इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल का सीधा असर मध्य प्रदेश की बैंकिंग सेवाओं पर भी देखने को मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में 11 बड़े बैंकों के क्लर्क स्तर के करीब 8,000 कर्मचारी इस हड़ताल में सक्रिय रूप से शामिल होंगे।
संगठनों की मांग
हड़ताल में शामिल हो रहे संगठनों की मांग है कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के ढांचे को सुरक्षित रखा जाए। 3 दिसंबर की मुख्य हड़ताल से पहले बैंककर्मियों द्वारा देशभर में विरोध प्रदर्शन, काली पट्टी लगाकर सोशल मीडिया पर जागरूकता अभियान चलाने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।