बृजेश मिश्रा ब्यूरो रिपोर्ट, अमेठी: जमीन के विवाद में हुए खूनी संघर्ष ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के राजू का पुरवा नरैनी गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप है।
खूनी संघर्ष, गांव में सनसनी
जानकारी के अनुसार, गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
कुल्हाड़ी के हमले में कान कटा
हमले में 25 वर्षीय संतोष वर्मा और 60 वर्षीय कन्हई वर्मा घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले जाया गया। गंभीर हालत में कन्हई वर्मा को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बुजुर्ग ने तोड़ा दम
वहीं, संतोष वर्मा की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घायलों के पक्ष ने अतुल शुक्ला समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी शिवाकांत तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।