जूनियर महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, आक्रमण के आगे पाकिस्तानी टीम पूरी तरह बेबस
मोक्वी (चीन)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने गुरुवार को 2026 महिला जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से रौंदते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत ने पूरे मुकाबले में ऐसा आक्रामक खेल दिखाया कि पाकिस्तान की टीम गोल तो दूर, एक भी पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक हासिल नहीं कर सकी।
भारत ने पहले क्वार्टर से ही मुकाबले पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया था। शुरुआती पांच मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने के बाद सातवें मिनट में पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंड ने नौवें मिनट में फील्ड गोल किया, जबकि तनुश्री दिनेश काडू ने 11वें मिनट में डिफ्लेक्शन के जरिए भारत की बढ़त 3-0 कर दी।
13वें मिनट में पाकिस्तान के सर्किल के भीतर हुए फाउल के बाद मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर सुखवीर कौर ने गोल किया। इसके तुरंत बाद सानिका चंद्रकांत माने ने फील्ड गोल कर पहले क्वार्टर के अंत तक भारत को 5-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। मधु सिदार ने 16वें मिनट में और गीता यादव ने 18वें मिनट में गोल किया। सानिका माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा, जबकि तनुजा टोप्पो ने 25वें मिनट में भारत को 9-0 की बढ़त दिलाई। 27वें मिनट में पूजा मलिक ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त दोहरे अंक में पहुंचा दी।
तीसरे क्वार्टर में भी नहीं थमा हमला
10-0 की बढ़त के साथ दूसरे हाफ में उतरी भारतीय टीम ने अपनी आक्रामकता कम नहीं की। तीसरे क्वार्टर के 33वें मिनट में पूर्णिमा यादव ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। इसके बाद 39वें मिनट में मधु सिदार ने अपना दूसरा गोल किया और 40वें मिनट में सुप्रिया ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 13-0 से आगे कर दिया।
अंतिम क्वार्टर में छह गोल
अंतिम 15 मिनट में भी भारत ने पाकिस्तान को कोई राहत नहीं दी। कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना पहला गोल किया। इसके अगले ही मिनट पूजा मलिक ने दूसरा गोल कर अपनी बढ़त बनाई और 51वें मिनट में फिर गोल दागकर हैट्रिक पूरी की।54वें मिनट में सुप्रिया ने अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद बिनीमा धन ने 55वें मिनट में फील्ड गोल किया। मैच के अंतिम मिनट में रोशनी ऐंड ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत की जीत का आंकड़ा 19-0 कर दिया।
आंकड़ों में भारत का एकतरफा दबदबा
मुकाबले में भारत ने कुल 19 गोल, 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया। इसके मुकाबले पाकिस्तान पूरे मैच में न तो कोई गोल कर सका और न ही उसे एक भी पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक मिला।इस शानदार जीत के साथ भारत ने महिला जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब 12 सितंबर को सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।