Retired IAS officer Rakesh Agarwal: राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में भोपाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आगरा से गिरफ्तार कर भोपाल लाए गए आरोपी वरुण कुमार के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान हुई गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़
मिली जानकारी के अुनसार भोपाल पुलिस की टीम आरोपी वरुण कुमार को आगरा से गिरफ्तार कर पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के लिए भोपाल ला रही थी। इसी दौरान मुगलिया छाप के पास आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर गिरफ्त से भागने की कोशिश की। पुलिस और आरोपी के बीच झड़प और झूमाझटकी हुई। आरोपी के भागने के प्रयास को विफल करने के लिए पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली उसके पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा।
हमीदिया अस्पताल में कराया गया भर्ती
पैर में गोली लगने से घायल आरोपी वरुण कुमार को पुलिस टीम ने तुरंत काबू में किया और सुरक्षा घेरे में भोपाल के हमीदिया अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी और इस एनकाउंटर को रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की दिशा में भोपाल पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।