रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी, पर टोकन की प्रक्रिया पांच दिन पहले यानी 10 नवंबर से चालू हो जाएगी। यानी किसानों को खरीदी शुरू होने तक रुकने की जरूरत नहीं है। सरकार का कहना है कि इस बार टोकन व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी और आसान बनाया गया है।
तुहर टोकन एप से घर बैठे करें आवेदन
टोकन के लिए सरकार ने तुहर टोकन मोबाइल एप की सुविधा दी है। किसान गूगल प्ले स्टोर से इसे डाउनलोड कर घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। अब तक टोकन के लिए सहकारी समितियों और खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ते थे। नई व्यवस्था का मकसद इसी भागदौड़ से किसानों को बचाना है।
आधार ओटीपी से होगा पंजीयन
एप में पंजीयन आधार आधारित ओटीपी से होगा। इससे किसान की पहचान पक्की की जा सकेगी और गलत जानकारी देकर पंजीयन कराने जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगने की उम्मीद है। किसानों को सलाह दी गई है कि पंजीयन से पहले आधार और मोबाइल नंबर की जानकारी एक बार जांच लें। ओटीपी न आने पर विभागीय सहायता केंद्र या समिति से संपर्क किया जा सकता है।
ऐसे बनेगा मोबाइल से टोकन
सबसे पहले प्ले स्टोर से एप डाउनलोड करें और मांगी गई जरूरी जानकारी भरें। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन करें। पंजीयन पूरा होते ही धान बिक्री के लिए टोकन का आवेदन करें। इसके बाद बिक्री की तारीख और मात्रा की जानकारी एप पर मिल जाएगी।