रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और कर्मचारियों की छुट्टी का पूरा सिस्टम ऑनलाइनल कर दिया है। अब कागज पर लिखा छुट्टी का आवेदन मान्य नहीं होगा। आवेदन से लेकर मंजूरी तक हर काम एचआरएमआईएस पोर्टल पर ही होगा। लोक शिक्षण संचालनालय यानी डीपीआई ने इसके लिए प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश भेजे हैं।
ऑफलाइन आवेदन पर पूरी तरह रोक
डीपीआई के संज्ञान में आया था कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बावजूद कुछ जगहों पर अब भी कागजी आवेदन लिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, अफसर उन आवेदनों पर कार्रवाई भी कर रहे थे। इसी पर रोक लगाने के लिए संचालनालय ने साफ कर दिया है कि ऑफलाइन आवेदन के आधार पर छुट्टी की कोई कार्रवाई नहीं होगी। अगर कोई शिक्षक या कर्मचारी कागज पर आवेदन देता है तो विभाग उस पर विचार ही नहीं करेगा। विभाग का कहना है कि इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और सभी कर्मचारी एक जैसी डिजिटल व्यवस्था से जुड़ेंगे।
पोर्टल पर ही होगी मंजूरी
पोर्टल पर सिर्फ आवेदन जमा नहीं होंगे। छुट्टी मंजूर या नामंजूर करने का फैसला भी वहीं दर्ज होगा। संबंधित अधिकारी आवेदनों की जांच करेंगे और ऑनलाइन ही अपना निर्णय देंगे। विभाग का दावा है कि इससे फाइलों में अटकने वाला समय बचेगा। कर्मचारियों को आवेदन की स्थिति जानने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डीपीआई ने अफसरों को हिदायत दी है कि बिना ऑनलाइन एंट्री के किसी की छुट्टी मंजूर न करें।
पहले हाजिरी अब छुट्टी भी डिजिटल
विभाग शिक्षकों की रोज की हाजिरी पहले ही ऑनलाइन कर चुका है। फिलहाल यह काम वीएसके एप होता है। अब छुट्टी भी पोर्टल पर आने से हाजिरी और अवकाश का पूरा ब्योरा एक ही जगह देखा जा सकेगा।