Bhopal Water: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आम नागरिकों की सेहत को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के वैशाली नगर इलाके में नलों के जरिए सप्लाई हो रहे पानी की सरकारी लैब जांच में खतरनाक ई-कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। यह वही जानलेवा बैक्टीरिया है, जिसके संक्रमण से इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में 36 लोगों की मौत हो चुकी है। लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है और करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना पूरी तरह बंद कर दिया है।
रहवासी ने खुद कराई जांच
मीडिया की खबरों के अनुसार वैशाली नगर में लंबे समय से आ रहे मटमैले और गंदे पानी की सप्लाई से परेशान स्थानीय रहवासियों ने अपने स्तर पर पानी का सैंपल लेकर मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की स्टेट रिसर्च लैब में जांच कराई। लैब से आई रिपोर्ट्स चिंताजनक निकली। पहली रिपोर्ट की जांच में 100 मिलीलीटर पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया की मात्रा 660 MPN पाई गई। इसके साथ ही पानी में गंदलापन भी 5.9 NTU मिला, जबकि पीने योग्य पानी के लिए इसकी अधिकतम तय सीमा 5 NTU निर्धारित है। इसके अलावा शिकायत के बाद 12 नवंबर को दोबारा सैंपल लेकर जांच कराई गई, जिसकी 13 नवंबर को आई रिपोर्ट में भी 100 मिली पानी में ई-कोलाई की मात्रा 350 MPN दर्ज की गई। लैब रिपोर्ट आने के बाद से कॉलोनी के लोग बाजार से बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं।
क्या कहते है अधिकारी?
मामला तूल पकड़ने के बाद नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि रहवासियों की शिकायत मिलने के बाद मौके पर जांच टीम भेजी गई है और पानी की सैंपलिंग भी कराई गई है। उन्होंने दावा किया कि शहर की अन्य जगहों पर इस तरह का बैक्टीरिया नहीं मिला है, हालांकि वैशाली नगर की स्थिति को देखते हुए पूरी एहतियात बरती जाएगी और आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे।