Sanchi Milk Prices Increased: मध्य प्रदेश के आम नागरिकों के लिए महंगाई से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। अमूल के बाद अब प्रदेश के सबसे बड़े दुग्ध ब्रांड सांची ने भी दूध की कीमतों में 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। बढ़ी हुई नई दरें शनिवार, 14 नवंबर से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएंगी। भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के साथ-साथ इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड दुग्ध संघों ने भी दूध के दामों में इजाफा किया है।
क्यों बढ़े सांची दूध के दाम?
मीडिया की खबरों के अनुसार दुग्ध संघों की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, पैकिंग मटेरियल और ट्रांसपोर्टेशन की लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना पड़ा है। संघ का कहना है कि दुग्ध उत्पादक किसानों के हितों और संस्था की वित्तीय स्थिति को संतुलित बनाए रखने के लिए पैक्ड दूध के उपभोक्ता मूल्य में वृद्धि करना अनिवार्य हो गया था।
दो दिन पहले बढ़े थे अमूल के दाम
आपको बता दें कि इससे ठीक दो दिन पहले, 12 नवंबर को अमूल ने भी दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए थे। अमूल की बढ़ोतरी के बाद अमूल गोल्ड (1 लीटर) 70 रुपये से बढ़कर 74 रुपये और अमूल फ्रेश 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
अमूल के इस फैसले के अगले ही दिन 13 नवंबर को सांची ने भी दाम बढ़ाने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया।
एमपी में सांची की सबसे ज्यादा खपत
आपको यह भी बता दें कि मध्य प्रदेश में सांची दूध की खपत सबसे ज्यादा है। राजधानी भोपाल में रोजाना खुले दूध की खपत 6 से 8 लाख लीटर के आसपास है। वहीं, पैकेट बंद दूध की बात करें तो अकेले सांची की औसतन 3 लाख लीटर प्रतिदिन बिक्री होती है। इसके अलावा भोपाल में अमूल की रोजाना खपत करीब 80 हजार लीटर है, जबकि सौरभ और श्रीधी ब्रांड की संयुक्त खपत लगभग 1 लाख लीटर प्रतिदिन है। इसके अलावा मदर डेयरी की सप्लाई मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में की जाती है।