MP Congress Poster War: मध्य प्रदेश कांग्रेस में 2028 के विधानसभा चुनाव के चेहरे को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पूर्व सांसद नकुलनाथ के समर्थन में लगाए गए पोस्टरों ने पार्टी के अंदर नेतृत्व की दावेदारी को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इन पोस्टरों पर लिखा है कि मध्यप्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।
नाथ के जन्मदिन से पहले कलह!
राजनीतिक गलियारों में इन पोस्टरों की टाइमिंग को बेहद अहम माना जा रहा है। ये पोस्टर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले लगाए गए हैं। 14 नवंबर को भोपाल में कमलनाथ के 80वें जन्मदिन के मौके पर नाथ परिवार की ओर से एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से उनके समर्थकों के जुटने की संभावना है। नाथ के इस आयोजन को नकुलनाथ को प्रदेश की राजनीति में सक्रिय और बड़ी भूमिका के लिए आगे लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
दिग्विजय का बयान, बढ़ी हलचल
दरसअल, प्रदेश कांग्रेस में यह पोस्टरबाजी ऐसे समय में सामने आई है, जब हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव के नेतृत्व को लेकर कहा था कि आगामी चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। दिग्विजय सिंह के इस बयान के कुछ ही दिनों बाद पीसीसी दफ्तर के बाहर नकुलनाथ के समर्थन में पोस्टर लगने से पार्टी में गुटबाजी और 2028 के चुनावी चेहरे को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं।