Hapur News

Hapur News: श्मशान घाट में रातों-रात चली आरी, 40 साल पुराने शीशम के चार पेड़ काटे

गांव की सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण की धरोहर पर आखिर किसकी नजर पड़ गई? थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव छज्जूपुर में...

By : विकास जैन
Hapur News: श्मशान घाट में रातों-रात चली आरी, 40 साल पुराने शीशम के चार पेड़ काटे

Hapur News: श्मशान घाट में रातों-रात चली आरी, 40 साल पुराने शीशम के चार पेड़ काटे

प्रमोद शर्मा, हापुड़, कपूरपुर: गांव की सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण की धरोहर पर आखिर किसकी नजर पड़ गई? थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव छज्जूपुर में श्मशान घाट की भूमि पर खड़े दशकों पुराने हरे-भरे पेड़ों को रातोंरात काटे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 40 वर्ष पुराने शीशम के चार पेड़ों के साथ 15 वर्ष पुराना आम का पेड़ भी आरी से धराशायी कर दिया गया। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने पेड़ों की लकड़ी बेचकर आर्थिक लाभ कमाने का भी आरोप लगाया है। मामले में प्रधान पति की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। वन विभाग की टीम ने मौके पर जांच कर पेड़ों के कटे होने की पुष्टि की है। अब विभागीय रिपोर्ट के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई का इंतजार है।

गांव निवासी राजेश पुत्र कमल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार श्मशान घाट की खसरा संख्या 374 की भूमि पर उन्होंने अपने पैतृक धन से शीशम, आम, नीम, पापड़ी और अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगवाए थे। वर्षों की मेहनत के बाद ये पौधे बड़े होकर पेड़ों का रूप ले चुके थे। इनसे श्मशान घाट परिसर में हरियाली बनी रहती थी और अंतिम संस्कार में पहुंचने वाले ग्रामीणों को छाया भी मिलती थी।

आरोप है कि रात के अंधेरे में शीशम के चार पुराने पेड़ों और एक आम के पेड़ को कटवा दिया गया। सुबह जब ग्रामीणों को पेड़ों के काटे जाने की जानकारी हुई तो गांव में चर्चा और नाराजगी का माहौल बन गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पेड़ों को कटवाने के बाद उनकी लकड़ी दूसरे लोगों को बेच दी गई। उन्होंने प्रधान पति पर इस पूरे मामले में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
राजेश ने अपनी शिकायत के समर्थन में मौके के फोटो, कथित रूप से पेड़ कटाई में शामिल लोगों की मोटरसाइकिलों के फोटो और संबंधित भूमि की खतौनी की प्रति भी अधिकारियों को सौंपी है। उन्होंने मांग की है कि पेड़ों की कटाई किसके आदेश पर हुई, लकड़ी कहां बेची गई और इससे किसने आर्थिक लाभ उठाया, इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।

वन विभाग की जांच में मिले कटे पेड़

थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले में ऑनलाइन शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं वन विभाग के अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। जांच के दौरान पेड़ कटे हुए पाए गए हैं। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी गई है।

अब सवाल कार्रवाई का

श्मशान घाट जैसी सार्वजनिक और धार्मिक उपयोग की भूमि पर लगे दशकों पुराने पेड़ों की कटाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पेड़ काटने की अनुमति किसने दी? लकड़ी किसके कब्जे में गई और उसकी बिक्री से प्राप्त धनराशि कहां गई? क्या सार्वजनिक भूमि पर लगे पेड़ों को काटने से पहले नियमानुसार अनुमति ली गई थी? ग्रामीणों की निगाहें अब वन विभाग और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी, लेकिन पेड़ों के कटे मिलने की विभागीय पुष्टि ने मामले को गंभीर बना दिया है।