प्रमोद शर्मा, हापुड़: गढ़मुक्तेश्वर के ऐतिहासिक गंगा कार्तिक मेले में कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर आस्था का ऐसा महासैलाब उमड़ा कि गंगा के घाट श्रद्धालुओं से पट गए। चारों ओर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष, गंगा में आस्था की डुबकी लगाते श्रद्धालु और जलधारा में प्रवाहित होते हजारों दीपों की रोशनी ने पूरे गढ़ गंगा क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। देव दिवाली के अवसर पर 23 नवंबर की रात से ही गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मेले में करीब 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया गया, जबकि कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होने के कारण श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा।
उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ गढ़मुक्तेश्वर पहुंचे। किसी ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया तो किसी ने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान और तर्पण किया। भोर होते ही घाटों पर स्नानार्थियों की कतारें लग गईं। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों में भी गंगा स्नान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे घाटों पर पैर रखने तक की जगह तलाशना मुश्किल हो गया।
दीपों की रोशनी में जगमगाई गंगा, पितरों के निमित्त हुआ दीपदान
देव दिवाली की रात गंगा किनारे दीपदान का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों दीपों की रोशनी जब गंगा की लहरों पर तैरती दिखाई दी तो पूरा वातावरण अलौकिक हो उठा। श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत परिजनों को याद करते हुए दीप प्रवाहित किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाभारत युद्ध के बाद भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों को गढ़मुक्तेश्वर में पितरों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान करने का निर्देश दिया था। तभी से यहां दीपदान की परंपरा चली आ रही है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष लाखों श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचते हैं।
सुरक्षा के दावों के बीच प्रशासन की अग्निपरीक्षा
लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। घाटों पर पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोर, एनडीआरएफ के जवान और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहीं। यातायात व्यवस्था संभालने, भीड़ को नियंत्रित करने और घाटों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जाती रही।
आस्था के आगे छोटी पड़ीं व्यवस्थाएं
गंगा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर गढ़मुक्तेश्वर मेले की ऐतिहासिक महत्ता को प्रदर्शित कर दिया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का कहना था कि गंगा में डुबकी लगाने और दीपदान करने से मन को अद्भुत शांति मिलती है। रातभर भजन-कीर्तन, आरती और धार्मिक जयघोष से गंगा तट गूंजते रहे। कार्तिक पूर्णिमा का यह पावन पर्व एक बार फिर सनातन संस्कृति, परंपरा और जनआस्था की विराट तस्वीर बनकर सामने आया।