वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व पूरे वैभव और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा के 84 घाटों पर एक साथ करीब 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से गंगा के तट जगमगा उठे और काशी का नजारा देखने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे।
इस बार देव दीपावली का उत्सव अंतरराष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र भी रहा। खबर के मुताबिक, करीब 40 देशों से मेहमान इस आयोजन को देखने वाराणसी पहुंचे। शहर में 15 लाख से ज्यादा पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। पर्यटकों की संख्या इतनी अधिक रही कि वाराणसी के होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे पूरी तरह भर गए। आसपास के सारनाथ और जौनपुर तक के होटलों में ठहरने के लिए जगह मिलना मुश्किल हो गया।
#WATCH | Uttar Pradesh | Varanasi decked up to celebrate Dev Deepawali on Kartik Purnima with grand festivities—lighting up all 84 ghats with around 11 lakh earthen lamps alongside Ganga Aarti, a 3D laser show, a drone show, and cultural performances. (Video Source: Varanasi Administration)
— ANI (@ANI) November 24, 2026
नमो घाट से हुई दीपोत्सव की शुरुआत
मंगलवार को नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाकर देव दीपावली के उत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद देखते ही देखते काशी के सभी 84 घाटों पर दीप जल उठे। गंगा के दोनों किनारों पर फैली दीपों की कतारों ने ऐसा दृश्य बनाया, जिसे देखने के लिए हजारों नावें भी नदी में उतरीं।
दशाश्वमेध, अस्सी, नमो, केदार और हरिश्चंद्र घाट पर श्रद्धालुओं की सबसे ज्यादा भीड़ रही। दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखने के लिए लोग दोपहर से ही पहुंचने लगे थे। शाम होते-होते घाट पर बैठने की जगह तक नहीं बची। वहीं, काशी के छह घाटों पर लेजर और ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसने उत्सव में आधुनिक तकनीक का रंग जोड़ दिया।
गंगा आरती, भजन और आतिशबाजी ने बांधा समां
अस्सी घाट पर फूलों से मां गंगा का अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रों के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। यहां नाग आरती के दौरान लगातार पांच मिनट तक आतिशबाजी भी की गई। दशाश्वमेध घाट पर सांसद मनोज तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के नेतृत्व में मां गंगा का 151 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर हरिश्चंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गई थी। रामघाट पर ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित रंगोली बनाई गई, जबकि अस्सी घाट पर रेत से सुंदर आकृतियां उकेरी गईं। कई घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी, बीएचयू में भी जले 11 हजार दीप
देव दीपावली के अवसर पर गंगा पार रेती पर ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन किया गया। आसमान में उभरी पौराणिक आकृतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। चौका घाट पर तेलंगाना से आए श्रद्धालुओं के समूह ने एक बड़े दीपक में लाखों रूई की बत्तियां डालकर उसे प्रज्ज्वलित किया। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के विश्वनाथ मंदिर में भी 11 हजार दीप जलाए गए। वहीं गंगा सेवा निधि की ओर से अमर जवान ज्योति पर लास्ट पोस्ट और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
आस्था और आधुनिकता का संगम बनी देव दीपावली
काशी की देव दीपावली ने एक बार फिर भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और परंपराओं की भव्य तस्वीर पेश की। एक ओर वैदिक मंत्र, गंगा आरती और दीपदान ने वातावरण को भक्तिमय बनाया, तो दूसरी ओर लेजर शो, ड्रोन और ग्रीन आतिशबाजी ने आयोजन को आधुनिक स्वरूप दिया।
लाखों दीपों की रोशनी और देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों की मौजूदगी ने इस पर्व को यादगार बना दिया। गंगा के घाटों पर सजी दीपों की कतारों ने काशी को सचमुच देवताओं की नगरी जैसा स्वरूप दे दिया। काशी की देव दीपावली इस बार आस्था, परंपरा और आधुनिकता के भव्य संगम के रूप में सामने आई। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी के सभी 84 घाटों पर एक साथ करीब 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।