मध्यप्रदेश के 30 जिलों की आंगनवाड़ियों के शिशुओं और माताओं को दो माह से पूरक पोषण आहार यानी 'टेक होम' राशन नहीं मिल रहा है। इससे 33 लाख बच्चे सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। इस वजह से अधिकतर माताओं ने बच्चों को लेकर आंगनवाड़ी आना बंद कर दिया है। इससे आंगनवाड़ियों में ताले लगने की नौबत आ गई है।
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि पोषण आहार आपूर्ति करने वाली एजेंसियों को सरकार की तरफ से 300 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाना था। बकाया न मिलने से एजेंसियों ने वितरण रोक दिया है। इस संदर्भ में सच्चाई यह सामने आई है कि विभाग को इस नए वित्तीय वर्ष के बजट में 134 करोड़ रुपए की राशि नहीं मिली है। इस कारण उसने एजेंसियों को भुगतान फिलहाल रोक रखा है।
विभाग में मचा हड़कंप
पूरक पोषण आहार महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर दिया जाता है। इसके वितरण का जिम्मा विभाग ने आजीविका मिशन को दिया है, जो निर्धारित करीब एक दर्जन एजेंसियों के जरिए टेक होम राशन आंगनवाड़ियों तक पहुंचाती है। बीते दो माह से पोषण आहार न मिलने की जानकारी का खुलासा होते ही विभाग में हड़कंप मच गया है।
राजधानी में 70 फीसदी आंगनवाड़ियां सूनी
मिली जानकारी के अनुसार भोपाल में करीब एक हजार आंगनवाड़ियां हैं, जहां 35 हजार बच्चों को पूरक पोषण आहार दिया जाता है। सहायिकाओं के अनुसार अप्रैल मध्य के बाद शहर की 70 फीसदी आंगनवाड़ियों में बच्चे और माताएं पोषण आहार नहीं मिलने से आना बंद कर चुके हैं। इसकी वजह से आंगनवाड़ियां सूनी पड़ी हैं।
चार जिलों में सबसे बुरी स्थिति
टेक-होम राशन सप्लाई बंद होने से चार जिलों में सबसे बुरी स्थिति है। राशन वितरण बंद होने का खुलासा सबसे पहले सागर के संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास ने किया। उन्होंने बीते 15 मई को आजीविका मिशन संचालित पोषण आहार संयंत्र के सीईओ को पत्र लिखकर बताया कि 26 फरवरी से टेक होम राशन वितरण नहीं हो रहा है। इससे 33 लाख बच्चे और माताएं वंचित हैं। यही स्थिति नर्मदापुरम, रीवा और मंडला जिलों की भी है।
भुगतान जल्द किया जाएगा
जिलों की आंगनवाड़ियों में टेक-होम राशन की सप्लाई बंद होने की जानकारी मिली है। इनका वितरण करने वाली एजेंसियों पर जो बकाया है, उसका भुगतान चालू वित्त वर्ष से मिलने वाली राशि से जल्द कर दिया जाएगा। हमने वित्त विभाग से बजट राशि जल्दी स्वीकृत करने के लिए पत्र भी लिखा है।
- निर्मला भूरिया, मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग, भोपाल।
टेक-होम राशन में ये वस्तुएं शामिल
टेक-होम राशन यानी पूरक पोषण आहार के अंतर्गत 6 माह से 3 साल के बच्चों के लिए सूजी, रागी या आटे का हलवा, दलिया और खिचड़ी, मिश्रित आटे का सत्तू, पोहा और उपमा शामिल हैं। वहीं गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए पंजीरी, सत्तू-गुड़ और मीठा दलिया, सादी दाल, रोटी, हरी मौसमी सब्जियां और चावल दिए जाते हैं। इसके अलावा अतिपोषित बच्चों के लिए रेडी-टू-ईट पैकेट में एनर्जी-डेंस फूड और पीनट बटर शामिल है, जिसका वितरण आंगनवाड़ियों में किया जाता है।