बृजेश मिश्रा, अमेठी: किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिलाने के लिए प्रशासन ने धान खरीद की तैयारियां शुरू कर दी हैं। चारों तहसीलों में 83 क्रय केंद्रों की पहली सूची मंजूर की गई है। तिलोई में 25, गौरीगंज व मुसाफिरखाना में 20-20 और अमेठी में 18 केंद्र बनाए गए हैं।
बायोमीट्रिक पहचान के बाद होगी खरीद
केंद्रों पर पंजीकृत किसानों की बायोमीट्रिक पहचान के बाद धान खरीदा जाएगा। भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, सहकारी समितियों, मंडी और भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से खरीद की जिम्मेदारी तय की गई है।जिले में खरीफ सीजन में करीब 1.33 लाख हेक्टेयर में धान की रोपाई हुई है। केंद्रों के निर्धारण से किसानों को स्थानीय स्तर पर उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। खरीद शुरू होने से पहले केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जा रही हैं।
विपणन सत्र 2026-27 के लिए सामान्य धान का एमएसपी 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। पिछले वर्ष सामान्य धान का एमएसपी 2369 रुपये था। इसं बार इसमें 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि किसानों की सुविधा को देखते हुए 83 केंद्रों को मंजूरी मिली है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत खरीद कर किसानों को भुगतान सीधे बैंक खातों में किया जाएगा।