बृजेश कबीर, हरदोई: हेमंत ऋतु की उत्तरार्ध में जब पारा नीचे जा रहा है, 158-सांडी (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट की दावेदारी को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। पहले इंजीनियर धीरज कुमार वर्मा ने धार्मिक स्थलों पर पूजन के बाद जनसंपर्क का आगाज कर अपनी सक्रियता दिखाई और अब कमल वर्मा ने मतदाता जोड़ो अभियान के बहाने करीब एक सैकड़ा वाहनों के काफिले के साथ 150 किलोमीटर लंबा रोड शो निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
हरदोई में मौजूद चार केंद्रीय प्रवासी, गतिविधियों पर निगाह
जनपद में किसी विधानसभा टिकटार्थी की ओर से मतदाता जोड़ो अभियान के तहत निकाला गया यह पहला रोड शो है। ऐसे समय में जब भाजपा के चार केंद्रीय प्रवासी भी हरदोई पहुंच चुके हैं और उनकी निगाहें जनपद की राजनीतिक गतिविधियों पर टिकी हैं, कमल के इस आयोजन को महज मतदाता जागरूकता तक सीमित करके नहीं देखा जा रहा।
अब दूसरे दावेदारों के लिए कमल ने खींची लकीर
धीरज वर्मा ने बीते दिनों हरदोई बाबा, मां श्रवण देवी और मां मंगला देवी मंदिर में पूजन के बाद सांडी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान शुरू किया था। प्रेमावती के साथ सांडी, सुरसा और अहिरोरी क्षेत्र में लोगों से संवाद कर उन्होंने समस्याएं सुनी थीं और विकास एवं जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बताया था। इसके बाद अब कमल वर्मा ने बड़े काफिले के साथ सड़क पर उतरकर अपनी राजनीतिक सक्रियता का दूसरा आयाम प्रस्तुत किया है। दोनों आयोजनों के स्वरूप अलग हैं, लेकिन इनके बीच सांडी में टिकट की दावेदारी को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा साफ दिखाई देने लगी है।
मतदाताओं पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन, वोट बनवाने का आह्वान
कमल वर्मा की रैली मेड़ू गांव से शुरू हुई। करीब सौ वाहनों के साथ निकला काफिला सांडी, चौधरियापुर, सेमरा चौराहा, बीकापुर, बन्नापुर, बघौली, बरौली बाजार, गोवर्धनपुर, वाजिदपुर, अहिरोरी, सुरसा और सथरा होते हुए पुनः मेड़ू पहुंचकर संपन्न हुआ। करीब 150 किलोमीटर के इस सफर में आबादी वाले क्षेत्रों में मतदाताओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र लोगों से नजदीकी बूथ पर पहुंचकर अपना नाम जुड़वाने का आग्रह किया गया।
पार्टी के पत्ते खुलने में देर, पर टिकट की जोर-आजमाइश तेज़
राजनीतिक दृष्टि से इस आयोजन के दो संदेश हैं। पहला, भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर सक्रियता दिखाना और दूसरा, विधानसभा क्षेत्र में अपनी पहुंच तथा समर्थकों की संख्या का प्रदर्शन करना। केंद्रीय प्रवासियों के जनपद पहुंचने के बाद स्थानीय नेताओं और टिकटार्थियों की गतिविधियां भी स्वाभाविक रूप से संगठन के आकलन का हिस्सा बन रही हैं। ऐसे में कमल का यह रोड शो उनकी दावेदारी को सार्वजनिक रूप से रेखांकित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। टिकट को लेकर अंतिम निर्णय में अभी समय है, लेकिन सांडी में दावेदारों की बढ़ती सक्रियता ने चुनावी हलचल को समय से पहले हवा दे दी है। रैली में विजय तिवारी, शिवांक गुप्ता (निक्की), रंधीर वर्मा, गौरव मिश्रा, राजेश सिंह, अमित वर्मा, बीडीसी सदस्य राजेश पाल, गोविंद, मेवाराम, नीरज द्विवेदी, नीरज सिंह, दीपक कश्यप, तेजपाल, संगम, बबलू बीडीसी और मुकेश राठौर सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।