MLA Kamleshwar Dodiyar

MLA Kamleshwar Dodiyar: सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने की इस्तीफा देने की पेशकश! 

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

By : विकास जैन
MLA Kamleshwar Dodiyar: सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने की इस्तीफा देने की पेशकश! 

MLA Kamleshwar Dodiyar: सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने की इस्तीफा देने की पेशकश! 

MLA Kamleshwar Dodiyar: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर आयोजित एक मूर्ति अनावरण कार्यक्रम का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में विधायक डोडियार मंच से जनता से यह पूछते हुए नजर आ रहे हैं कि "क्या मैं इस्तीफा दे दूं?" इस पर सामने बैठी भीड़ में से "दे दो" की आवाजें गूंजने लगती हैं। भीड़ की यह प्रतिक्रिया सुनकर विधायक कहते हैं कि "ठीक है, दे दूंगा, उसके लिए भोपाल जाना होगा।"

मीडिया की खबरों के अनुसार मंच से संबोधन के दौरान विधायक डोडियार ने भील प्रदेश बनाने का मुद्दा उठाया और मध्य प्रदेश में भारत आदिवासी पार्टी के उम्मीदवारों को जिताकर सरकार बनाने की बात कही। इस पर कार्यक्रम में शामिल लोगों ने उन्हें मंच से राजनीतिक बयानबाजी करने से रोक दिया। लोगों का कहना था कि वे इस मंच से राजनीतिक बातें करने के बजाय भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदिवासी समाज के मूल मुद्दों यानी जल, जंगल और जमीन पर बात करें। जनता द्वारा टोके जाने पर विधायक नाराज हो गए और उन्होंने आवेश में आकर इस्तीफे की बात कह दी।

आयोजकों ने दी सफाई

विवाद और हंगामे की स्थिति बनते देख कार्यक्रम के आयोजकों ने मंच से स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल का मंच नहीं है, बल्कि इसे दो सामाजिक संगठनों ने मिलकर आयोजित किया है, जिनका किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

दो विधायक भी थे कार्यक्रम में मौजूद

बिरसा मुंडा जयंती के इस मूर्ति अनावरण समारोह में मध्य प्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्य राजस्थान के जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए थे। मंच पर डूंगरपुर जिले की चौरासी सीट से विधायक अनिल कटारा और बागीदौरा से विधायक जेके पटेल भी मौजूद थे, जिनके सामने यह पूरा घटनाक्रम हुआ।