मध्य प्रदेश के शहडोल में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पुलिस का वाहन देखकर चार युवक तालाब में कूद गए। हादसे में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद SDRF की टीम ने तालाब से तीनों युवकों को बाहर निकाला। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे चारों युवक
घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच चौपाटी के पीछे स्थित तालाब की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस का वाहन देखकर चार युवक अचानक तालाब में कूद गए। इनमें एक युवक तैरकर बाहर निकल आया, जबकि तीन युवक गहरे पानी में डूब गए.घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद SDRF की टीम को बुलाया गया। तालाब में युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
एक घंटे बाद SDRF ने तीनों को निकाला
SDRF की टीम ने करीब एक घंटे तक तालाब में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। वहीं, पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा
तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां घटना को लेकर लोगों ने हंगामा किया। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए.मामले की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 11:30 बजे एडीएम सरोधन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उनके साथ सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल भी मौजूद रहे.फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवकों ने पुलिस वाहन देखकर तालाब में छलांग क्यों लगाई, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हुई है।