किसी क्षेत्र की पहचान सिर्फ उसके नक्शे या सीमाओं से नहीं होती, बल्कि वहां की बोली, खानपान, लोकगीतों और सदियों पुरानी परंपराओं से बनती है। मालवा की यही रंग-बिरंगी विरासत अब राजधानी भोपाल में अपना अनूठा रंग बिखेरने जा रही है। यहां लोगों को मालवा की मिट्टी की खुशबू, लोकसंस्कृति की मिठास और पारंपरिक कलाओं से रूबरू होने का मौका मिलेगा। रवींद्र भवन में 23 से 25 नवंबर तक तीन दिवसीय ‘मालवा उत्सव–यो अपनों मालवो’ आयोजित किया जाएगा।
मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में संस्कृति, संगीत, साहित्य, खानपान और हस्तशिल्प का संगम देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि उत्सव सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों, कारीगरों और उद्यमियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का मंच भी देगा।
23 नवंबर को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ होगा आगाज
उत्सव की शुरुआत 23 नवंबर को शाम 5 बजे होगी। पहले दिन उज्जैन की ऋतु शर्मा और उनकी टीम रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध उद्घोषक स्वामी मुस्करा करेंगे। वहीं, अपनी खास अंदाज और हास्यपूर्ण प्रस्तुतियों के लिए पहचानी जाने वाली विश्वविख्यात मालवी भाभी भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
पहले दिन का एक प्रमुख आकर्षण मालवा रत्न सम्मान समारोह रहेगा। इसमें मालवी भाषा, साहित्य, कला और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नौ विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होने वालों में नरहरि पटेल, डॉ. शिव चौरसिया, सतीश दवे, डॉ. माया बेन वधेका, निशा त्रिवेदी, पराग छापेकर, मुकेश जोशी, मालवी भाभी और कमल हेतावल शामिल हैं।
दाल-बाफले से गराड़ू तक, मिलेगा मालवा के स्वाद का जायका
मालवा की पहचान उसके खानपान के बिना अधूरी है। यही वजह है कि उत्सव में पारंपरिक व्यंजनों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां आने वाले लोगों को दाल-बाफले, भुट्टे का कीस, गराड़ू, मावा-बाटी, खोपरा पैटिस और रतलामी सेव जैसे लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा।
खाने-पीने के साथ कला और शिल्प प्रेमियों के लिए भी यहां खास आकर्षण होंगे। उज्जैन की प्रसिद्ध बटिक प्रिंट कला, हस्तशिल्प, वस्त्र कला और कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री करने का अवसर भी मिलेगा।
24 नवंबर को साधु तिवारी की लाइव प्रस्तुति
उत्सव का दूसरा दिन संगीत प्रेमियों के नाम रहेगा। 24 नवंबर की शाम फिल्म ‘हनुमान अंश’ के प्रमुख कलाकार साधु तिवारी अपनी लाइव संगीत प्रस्तुति देंगे। उनकी प्रस्तुति के जरिए उत्सव में संगीत का अलग रंग देखने को मिलेगा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए टिकट बुक माय शो के माध्यम से खरीदे जा सकेंगे।
25 नवंबर को मालवी कवियों की सजेगी महफिल
उत्सव के अंतिम दिन यानी 25 नवंबर को रवींद्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर मालवी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें डॉ. माया बदेका, नरेंद्र शर्मा नखेत्री, डॉ. राजेश रावल, डॉ. विक्रम विवेक, भरत पंड्या, राजेंद्र जैन और राहुल शर्मा सहित कई कवि अपनी मालवी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
मालवी भाषा की मिठास, हास्य और लोकजीवन से जुड़े प्रसंगों के बीच यह कवि सम्मेलन उत्सव का खास आकर्षण बनेगा।
नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की पहल
समिति के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी और महासचिव रोमा मल्होत्रा के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य मालवा की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों, कारीगरों और उद्यमियों को एक व्यापक मंच उपलब्ध कराना भी आयोजन की प्राथमिकता है।
‘यो अपनों मालवो’ सिर्फ तीन दिनों का सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मालवा की परंपरा, पहचान और आत्मीयता को करीब से महसूस करने का अवसर होगा। भोपाल में रहने वाले मालवा प्रेमियों के लिए यह उत्सव अपनी जड़ों से जुड़ने और लोकसंस्कृति के रंगों में रंगने का खास मौका लेकर आ रहा है।