बृजेश मिश्रा ब्यूरो रिपोर्ट, भादर (अमेठी): समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर विकासखंड भादर के एसआरएम बरियाहशाह में श्रद्धांजलि समारोह एवं सामाजिक सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर गरीब, निराश्रित, विधवा, असहाय एवं जरूरतमंद महिलाओं को इंडक्शन चूल्हों का वितरण किया गया। महराजी देवी महिला जन कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष अंकिता प्रजापति एवं सचिव सुधा प्रजापति ने कहा कि गैस सिलेंडर भरवाने में असमर्थ परिवारों को इससे राहत मिलेगी।
विधायक प्रतिनिधि अनिल प्रजापति एवं अनुराग प्रजापति ने कहा कि क्षेत्र में अभी भी बड़ी संख्या में गरीब परिवार हैं, जिनके लिए सिलेंडर भरवाना मुश्किल है। अनुराग प्रजापति ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से अमेठी की जनता की सेवा की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में साइकिल के पक्ष में मतदान की अपील की।
कार्यक्रम में अधिवक्ताओं एवं पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। दूसरी तरफ, बीजेपी के लोगों ने इसे 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर बताया है। उनका कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही सपा की तरफ से इस तरह के वितरण कार्यक्रम किए जा रहे हैं। क्षेत्र के कई लोगों का भी मानना है कि चुनाव नजदीक आने के बाद ही ऐसी सक्रियता दिख रही है।