MP TET Exam Date: मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर शिक्षक संगठनों का विरोध और असमंजस फिलहाल जारी है। तमाम विरोध प्रदर्शनों और परीक्षा को टालने की मांग के बावजूद शासन स्तर पर परीक्षा टल नहीं सकी है। तय कार्यक्रम के अनुसार, अब 20 दिसंबर को TET का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश में कुल करीब 1.5 लाख सरकारी शिक्षक हैं, लेकिन इस परीक्षा के लिए केवल 34,500 शिक्षकों ने ही आवेदन किया है। यानी एक बहुत बड़ी संख्या में शिक्षकों ने इस बार फॉर्म ही नहीं भरा है, जिसके बाद यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या इन शिक्षकों की नौकरी खतरे में है?
क्या शिक्षकों की जाएगी नौकरी?
सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के मुताबिक, जिन शिक्षकों की नियुक्ति शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले हुई है और जिनकी सेवानिवृत्ति में 5 साल से अधिक का समय बचा है, उनके लिए TET पास करना अनिवार्य किया गया है। ऐसे शिक्षकों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि उन्हें TET पास करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है। 20 दिसंबर को होने वाली परीक्षा का फॉर्म न भरने या इसमें शामिल न होने से किसी भी शिक्षक की नौकरी पर तत्काल कोई संकट नहीं आएगा, लेकिन वे तय डेडलाइन से पहले परीक्षा पास कर लें।
परीक्षा पास न करने पर क्या होगा?
यदि कोई पात्र शिक्षक निर्धारित समयसीमा तक TET पास करने में असफल रहता है, तो नियमों के तहत उसे नौकरी छोड़नी पड़ सकती है या अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जा सकती है। जिन शिक्षकों की रिटायरमेंट में 1 सितंबर 2025 को 5 साल से कम समय बचा था, उन्हें बिना TET पास किए भी रिटायरमेंट तक नौकरी जारी रखने की पूरी छूट दी गई है। हालांकि, ऐसे शिक्षकों को बिना पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण किए प्रमोशन का लाभ नहीं मिलेगा।
शिक्षकों को मिलेंगे परीक्षा के अवसर
सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को यह भी निर्देश दिए हैं कि शिक्षकों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर TET का आयोजन किया जाएगा, ताकि जो शिक्षक इस बार किन्हीं कारणों से परीक्षा में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, वे आगामी अवसरों का लाभ उठा सकें। फिलहाल, शिक्षकों के पास अगस्त 2028 तक का समय सुरक्षित है, लेकिन 20 दिसंबर को होने वाली इस परीक्षा में कितने शिक्षक शामिल होते हैं और सरकार आगे क्या रुख अपनाती है, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।