भोपाल में इन दिनों हॉकी का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम अपने खिताब की रक्षा के लिए मैदान में उतर चुकी है। टूर्नामेंट में आज भारतीय महिला हॉकी टीम और दक्षिण कोरिया के बीच जोरदार मुकाबला होने जा रहा है। मेजबान टीम की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर होगी। वहीं कोरिया की टीम भी पिछली हार को पीछे छोड़कर जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 21 नवंबर यानी शनिवार को शाम 7 बजे खेला जाएगा। मुकाबले का आयोजन भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नवनिर्मित हॉकी स्टेडियम में होगा।
जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय महिला हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। 19 नवंबर को खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी थी। हालांकि, इस मैच में भारतीय टीम को शुरुआत में पिछड़ना पड़ा था, लेकिन खिलाड़ियों ने दमदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से मुमताज खान ने फील्ड गोल किया, जबकि कप्तान सलीमा टेटे, डेब्यू कर रहीं पूजा साहू और लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल दागे।
अब भारतीय टीम कोरिया के खिलाफ भी इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी। टीम की कोशिश होगी कि मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया जाए और गोल करने के मिले मौकों को हाथ से न जाने दिया जाए।
कोरिया से आसान नहीं होगी भारत की राह
दक्षिण कोरिया की टीम को हल्के में लेना भारतीय खिलाड़ियों के लिए भारी पड़ सकता है। कोरिया को अपने पहले मुकाबले में जापान के खिलाफ 0-1 से हार मिली थी। ऐसे में टीम इस मैच में जीत के साथ वापसी करने की कोशिश करेगी।
भारत और दक्षिण कोरिया दोनों ही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के तीन-तीन बार के विजेता हैं। यही वजह है कि इस मुकाबले को टूर्नामेंट के सबसे अहम मैचों में गिना जा रहा है।
भारतीय टीम को कोरिया के खिलाफ पेनल्टी कॉर्नर और रक्षात्मक रणनीति पर विशेष ध्यान देना होगा। विपक्षी टीम को गोल करने के मौके देने से बचना भी भारत की प्राथमिकता रहेगी।
कप्तान सलीमा टेटे पर रहेगी नजर
भारतीय टीम की कमान कप्तान सलीमा टेटे के हाथों में है। उनके नेतृत्व में टीम ने पिछले कुछ समय में शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर अपनी ताकत दिखाई थी।
टीम के मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने भी इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों की क्षमता और बेंच स्ट्रेंथ परखने के अवसर के रूप में देख रहे हैं। पहले मुकाबले में युवा खिलाड़ी पूजा साहू ने गोल करके अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
कोरिया के खिलाफ भी युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल भारत की जीत में अहम भूमिका निभा सकता है।
28 नवंबर तक चलेगा टूर्नामेंट
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में किया जा रहा है। इसमें कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड खिताब के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं।
प्रतियोगिता राउंड रॉबिन प्रारूप में खेली जा रही है। इसमें प्रत्येक टीम बाकी पांच टीमों के साथ मुकाबला करेगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को होंगे, जबकि 28 नवंबर को कांस्य पदक और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
भारत ने इस प्रतियोगिता का खिताब 2016, 2023 और 2024 में अपने नाम किया है। अब टीम की नजर लगातार तीसरा और कुल चौथा खिताब जीतने पर है।
ऐसे में कोरिया के खिलाफ आज का मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। घरेलू दर्शकों का समर्थन और पहले मैच की जीत से मिला आत्मविश्वास टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत हो सकता है। अब देखना होगा कि भोपाल की सरजमीं पर भारतीय बेटियां जीत का परचम लहराने में कितनी सफल होती हैं।