Delhi Election Result Live Update: दिल्ली में बीजेपी की ऐतिहासिक वापसी, बीजेपी को 48 और आप को 22 सीट पर मिली जीत...

नई दिल्ली | दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 27 साल का वनवास खत्म करते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। राजधानी के मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी (AAP) को पूरी तरह नकारते हुए भाजपा को जबरदस्त बहुमत दिया है। चुनावी नतीजों में भाजपा 48 सीटों पर जीत मिली है, जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई है।
इस चुनाव में AAP को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब पार्टी के दो सबसे बड़े नेता—मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया—चुनाव हार गए। नई दिल्ली सीट से केजरीवाल को भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने 1200 वोटों से हराया, जबकि जंगपुरा सीट पर मनीष सिसोदिया को भी हार का सामना करना पड़ा।
शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन कुछ देर बाद ही भाजपा ने बढ़त बना ली और बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। भाजपा की इस शानदार जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
PM मोदी ने कार्यकर्ताओं को बधाई
भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत "यमुना मैया की जय" के उद्घोष के साथ की।
पीएम मोदी ने कहा, "आज दिल्ली के लोगों में जीत का उत्साह भी है और राहत का सुकून भी। यह सुकून दिल्ली को 'आप-दा' से मुक्त कराने का है। आपने दिल खोलकर भाजपा को समर्थन दिया, इसके लिए मैं दिल्लीवासियों को नमन करता हूं।"
दिल्ली में इस जीत के साथ ही भाजपा ने न केवल AAP का किला ध्वस्त किया, बल्कि राजधानी में अपने मजबूत जनाधार को भी साबित कर दिया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 5 फरवरी, 2025 को शाम 5 बजे तक 57.7% मतदान हुआ। हालांकि, चुनाव आयोग के वोटर टर्नआउट एप्लिकेशन के अनुसार, अंतिम मतदान 60.54% था। उत्तर-पूर्व जिले में सबसे अधिक 66.25% मतदान हुआ, जबकि दक्षिण-पूर्व जिले में सबसे कम 56.16% मतदान हुआ।
Live Updates
- 8 Feb 2025 9:19 AM IST
भाजपा ने 15 सीटों पर बनाई बढ़त, आप 4 पर आगे
भाजपा ने 15 सीटों पर बढ़त बना ली है। वहीं आप 4 पर आगे है। फिलहाल ECI के अनुसार कांग्रेस का खाता नहीं खुला है।
- 8 Feb 2025 9:11 AM IST
आप के इन प्रत्याशियों ने बनाई बढ़त :
राजिंदर नगर- दुर्गेश पाठक
बाबरपुर- गोपाल राय
- 8 Feb 2025 9:10 AM IST
भाजपा के ये प्रत्याशी आगे :
किरारी- बजरंग शुक्ला
त्रिनगर -तिलक राम गुप्ता
संगम विहार - चंदन कुमार चौधरी
विश्वास नगर - ओम प्रकाश शर्मा
शाहदरा - संजय गोयल
करावल नगर - कपिल मिश्रा
छतरपुर - करतार सिंह तंवर
- 8 Feb 2025 9:08 AM IST
आम आदमी पार्टी ने 2 तो भाजपा ने 6 सीटों पर बनाई बढ़त
आम आदमी पार्टी ने 2 सीटों पर बढ़त बनाई है वहीं भाजपा अब 6 सीटों पर आगे चल रही है।
- 8 Feb 2025 9:04 AM IST
भाजपा के ये तीन प्रत्याशी आगे :
संगम विहार - चंदन कुमार चौधरी
विश्वास नगर - ओम प्रकाश शर्मा
शाहदरा - संजय गोयल
- 8 Feb 2025 9:01 AM IST
शुरुआती टीवी रुझानों में भाजपा 30 सीटों पर आगे, आप 22 और कांग्रेस 1
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी रहने के बीच भाजपा 30 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आप 22 और कांग्रेस एक सीट पर आगे है। टेलीविजन चैनलों द्वारा दिखाए जा रहे नवीनतम रुझानों के अनुसार, नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा के खिलाफ खड़े आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पीछे चल रहे हैं। कालकाजी सीट पर मुख्यमंत्री आतिशी भाजपा के रमेश बिधूड़ी से पीछे चल रही हैं।
- 8 Feb 2025 8:58 AM IST
पूजा - पाठ करते नजर आए रमेश बिधूड़ी, मौजूदा सीएम आतिशी से मुकाबला
कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने Delhi Election Results के लिए मतगणना शुरू होने के बाद अपने आवास पर पूजा-अर्चना की। दिल्ली की मौजूदा सीएम - आतिशी इस सीट से आप उम्मीदवार हैं; अलका लांबा कालकाजी सीट से कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
- 8 Feb 2025 8:43 AM IST
दो भाजपा प्रत्याशियों ने बनाई बढ़त :
विश्वास नगर से ओम प्रकाश शर्मा और शाहदरा से संजय गोयल इस समय आगे चल रहे हैं। अभी दोनों सीटों पर पहले राउंड का मतदान हुआ है।
- 8 Feb 2025 8:37 AM IST
दिल्ली में शुरुआती रुझानों में AAP और BJP को बढ़त, ECI का डाटा आना बाकी
दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में AAP और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर होती नजर आ रही है। हालांकि ECI का डाटा आना बाकी है।