अगर आपके पास कार, बाइक या कमर्शियल वाहन है, तो यह खबर आपके काम की है। केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC (Pollution Under Control) की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने Central Motor Vehicles (Sixteenth Amendment) Rules, 2026 अधिसूचित किए हैं। नए नियमों के तहत अब PUC सर्टिफिकेट की वैधता वाहन के Bharat Stage (BS) उत्सर्जन मानक, उसकी उम्र और निजी या व्यावसायिक इस्तेमाल के आधार पर तय होगी।
इसका सीधा असर वाहन मालिकों पर पड़ेगा। कुछ नई BS-VI गाड़ियों को अब पहले की तुलना में ज्यादा समय तक वैध PUC सर्टिफिकेट मिलेगा, जबकि पुराने वाहनों को तीन या छह महीने में प्रदूषण जांच करानी पड़ सकती है। ये संशोधित प्रावधान 19 नवंबर 2026 को राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ लागू हो गए हैं।
क्या हैं नए PUC नियम?
नए नियमों में वाहनों को उनके BS उत्सर्जन मानक के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है। अब सभी वाहनों के लिए एक जैसी अवधि नहीं होगी। खासतौर पर BS-VI वाहनों के मामले में पहली रजिस्ट्रेशन की तारीख और वाहन के निजी या व्यावसायिक इस्तेमाल को ध्यान में रखा जाएगा।
1. BS-I, BS-II और BS-III वाहनों के लिए नियम
पुराने उत्सर्जन मानक वाले वाहनों को अब ज्यादा नियमित रूप से प्रदूषण जांच करानी होगी।
-
BS-I, BS-II और BS-III: PUC सर्टिफिकेट की वैधता 3 महीने होगी।
-
BS-IV: PUC सर्टिफिकेट 6 महीने तक वैध रहेगा।
इसका मतलब है कि इन श्रेणियों के वाहन मालिकों को पहले की तुलना में जल्दी-जल्दी प्रदूषण जांच करानी होगी।
2. BS-VI निजी वाहनों को मिलेगी राहत
नए नियमों में निजी वाहनों के लिए उनकी उम्र के अनुसार PUC की वैधता तय की गई है। वाहन की उम्र की गणना पहली रजिस्ट्रेशन की तारीख से होगी।
| BS-VI निजी वाहन की उम्र | PUC की वैधता |
|---|---|
| 6 साल तक | 3 साल |
| 6 साल से अधिक और 10 साल तक | 1 साल |
| 10 साल से अधिक | 6 महीने |
यानी छह साल तक पुराने BS-VI निजी वाहन मालिकों को हर साल प्रदूषण जांच कराने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, 10 साल से ज्यादा पुराने वाहनों के लिए जांच की अवधि घटाकर छह महीने कर दी गई है।
3. BS-VI कमर्शियल वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
व्यावसायिक वाहनों के लिए भी उम्र के हिसाब से PUC की वैधता तय की गई है। हालांकि, निजी वाहनों की तुलना में नई कमर्शियल गाड़ियों को कम अवधि की छूट मिलेगी।
| BS-VI कमर्शियल वाहन की उम्र | PUC की वैधता |
|---|---|
| 6 साल तक | 2 साल |
| 6 साल से अधिक और 10 साल तक | 1 साल |
| 10 साल से अधिक | 6 महीने |
इस व्यवस्था के तहत टैक्सी, मालवाहक और अन्य परिवहन श्रेणी के वाहनों के मालिकों को अपनी गाड़ी की उम्र के अनुसार PUC की समय-सीमा का ध्यान रखना होगा।
पुराने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?
सरकार ने पुराने सर्टिफिकेट को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC सर्टिफिकेट की वैधता तुरंत नहीं बदलेगी। उन पर नए नियम तभी लागू होंगे, जब मौजूदा सर्टिफिकेट की पहली बार रिन्यूअल कराया जाएगा।
यानी अगर आपके वाहन का PUC सर्टिफिकेट अभी वैध है, तो केवल नए नियम लागू होने के कारण उसे तुरंत दोबारा बनवाने की जरूरत नहीं है। उसकी मौजूदा वैधता समाप्त होने और रिन्यूअल के समय नई व्यवस्था लागू होगी।
PUC रिन्यू कराने के समय का भी रखें ध्यान
नोटिफिकेशन में सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की समय-सीमा को लेकर भी प्रावधान किया गया है।
-
यदि वाहन मालिक मौजूदा PUC की समाप्ति से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति की तारीख से प्रभावी होगा।
-
यदि सर्टिफिकेट समाप्त होने के बाद रिन्यूअल कराया जाता है, तो नया सर्टिफिकेट रिन्यूअल की तारीख से प्रभावी होगा।
इसलिए वाहन मालिकों को सलाह है कि सर्टिफिकेट की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते जांच और रिन्यूअल करा लें।
वाहन मालिकों को अब क्या करना चाहिए?
सबसे पहले अपनी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) में दर्ज पहली रजिस्ट्रेशन की तारीख और BS उत्सर्जन मानक की जानकारी देख लें। इसके बाद नए नियमों के अनुसार पता करें कि आपके वाहन को कितने समय बाद PUC जांच की जरूरत होगी।
ध्यान रखें कि नई व्यवस्था में PUC सर्टिफिकेट की अवधि बढ़ने का मतलब प्रदूषण जांच से स्थायी छूट मिलना नहीं है। हर वाहन के पास वैध PUC सर्टिफिकेट होना जरूरी है। इसे राज्य सरकार से अधिकृत एजेंसी से ही बनवाया जा सकता है और मांगने पर संबंधित अधिकारियों को दिखाना होगा।
केंद्र सरकार के इस बदलाव का मकसद PUC जांच की समय-सीमा को वाहन की उम्र और उत्सर्जन मानक के मुताबिक व्यवस्थित करना है। नई BS-VI गाड़ियों को राहत मिलेगी, जबकि पुराने वाहनों को नियमित प्रदूषण जांच करानी होगी।