CG News: आज ईवीएम में दर्ज हो रहा महापौर, अध्यक्ष व पार्षदों का भाग्य, शाम 5 बजे तक होगा मतदान, 15 को मतगणना
- कुल निकाय-173
- महापौर प्रत्याशी-79
- अध्यक्ष प्रत्याशी-606
- पार्षद प्रत्याशी-1889
;
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों के साथ ही 49 नगर पालिका व 114 नगर पंचायत की जनता मंगलवार को अपने महापौर, अध्यक्ष व पार्षद का चुनाव कर रही है। 173 निकायों में होने वाले इस चुनाव में प्रत्याशियों भाग्य मंगलवार को ईवीएम में दर्ज की जा रही है। मतदाता ईवीएम के जरिए अपने नेता का चुनाव कर रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चलेगी। 15 फरवरी को मतगणना के साथ ही इन नेताओं के भाग्य का फैसला होगा।
मतदान के लिए मतदाता अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पर्ची सहित 18 दस्तावेजों के जरिए मतदान कर सकते हैं। महापौर के नाम सफेद पट्टी व पार्षद उम्मीदवार के नाम गुलाबी पट्टी पर लिखे दिखेंगे। भाजपा व कांग्रेस के कुल 10 महापौर प्रत्याशी करोड़पति है, वहीं 10 प्रत्याशी लखपति है। इसके साथ ही छह प्रत्याशियों पर कर्ज है।
रायपुर नगर निगम में 70 वार्डों में 1095 मतदान केंद्र
रायपुर नगर निगम में 70 वार्डों में 1095 मतदान केंद्र बनाए गए है। इसमें कुल मतदाताओं की संख्या 10 लाख 36 हजार 118 है। इसके साथ ही 104 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए है। जिले में कुल 136 सेक्टर हैं।
आठ निगमों में उम्मीदवारों का भाग्य महिलाओं के हाथों
10 नगर निगमों में से आठ निगमों में महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। यानि उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला महिलाओं पर ज्यादा निर्भर करेगा। राज्य के कुल 44 लाख 74 हजार 269 शहरी मतदाताओं में से 22 लाख 525 पुरुष मतदाता और 22 लाख 73 हजार 232 महिला मतदाता तथा 512 अन्य है। रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, धमतरी, राजनांदगांव, जगदलपुर, कोरबा व चिरमिरी में निगम में महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है।
इन निगमों में होगा चुनाव
10 नगर निगमों में रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, कोरबा, रायगढ़, अंबिकापुर और चिरमिरी में चुनाव होगा। इनके साथ ही 49 नगर पालिका व 114 नगर पंचायत में भी मतदान होना है।
मतदान से पहले ही जीत गए 33 पार्षद
मंगलवार को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव के पहले ही 33 पार्षद निर्विरोध चुनाव जीत गए है। इसमें नगर निगम बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़ नगर निगम के पार्षदों के साथ ही मुंगेली जिले के नगर पालिका लोरमी के वार्ड क्रमांक 10, वार्ड क्रमांक 17 के प्रत्याशी के साथ ही कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 8, नगर पालिका परिषद कटघोरा के वार्ड क्रमांक 13 व महासमुंद जिले के नगरपालिका परिषद सरायपाली के वार्ड क्रमांक 5 व 13 से भी प्रत्याशी जीत गए हैं। इनके साथ ही नगर पंचायत बसना से भी अध्यक्ष पद के लिए डा. खुशबू अभिषेक अग्रवाल निर्विरोध निर्वाचित हुई है। इनके साथ ही बसना के वार्ड क्रमांक 4, 11, 13 और मुंगेली जिले के नगर पंचायत पथरिया के वार्ड क्रमांक 5 व 7 से भी प्रत्याशी जीत गए है। इसी प्रकार सक्ती जिला के नगर पंचायत नया बाराद्वार के वार्ड क्रमांक 7, नगर पंचायत डभरा के वार्ड क्रमांक 7, वार्ड 15, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत बिलाईगढ़ के वार्ड क्रमांक 2, वार्ड क्रमांक 3 व वार्ड क्रमांक 8 के प्रत्याशी निर्विरोध चुनाव जीत गए है। ये सभी भाजपा नेता है।
मतदाताओं को रिझाने डोर टू डोर चला जनसंपर्क
चुनाव प्रचार रविवार रात पूरी तरह से थम गया था। सोमवार सुबह से ही राजनीतिक दलों के समर्थक अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं को आकर्षित करने में लगे रहे। इसके तहत डोर टू डोर जनसंपर्क का दौर भी देर शाम तक चलता रहा। विभिन्न वार्डों में देर रात गहमागहमी भी रही।
5982 मतदान केंद्र बनाए गए, आज सार्वजनिक अवकाश
शहर व पंचायतों की सरकार चुनने के लिए मंगलवार को निकायों की जनता अपने नेता का चुनाव कर रही है। इसके लिए कुल 5982 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं राज्य सरकार ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है।
रायपुर में सबसे ज्यादा 16 महापौर प्रत्याशी
रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 16 महापौर प्रत्याशी हैं। साथ ही पार्षदों के लिए 306 प्रत्याशी हैं। वहीं दुर्ग नगर निगम में सबसे कम दो महापौर प्रत्याशी हैं। इस चुनाव में कुल 44 लाख 87 हजार मतदाता अपने मतों का उपयोग करेंगे।
मतदाता यह जान लें
मतदाना के लिए मतदाता एक फोटो आईडी (परिचय पत्र, बैंक पाासबुक, पासपोर्ट, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन दस्तावेज, मनरेगा जाब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, स्वतंत्रता सेनानी परिचय पत्र मान्य होगा।
तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव
निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव भी तीन चरणों में होंगे। पंचायतों के लिए 17, 20 और 23 फरवरी को मतदान होगा और 18 फरवरी, 21 फरवरी व 24 फरवरी को मतगणना होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायतों के आम चुनाव में जिला पंचायत के 433, जनपद पंचायत के 2973, ग्राम पंचायत (सरपंच) के 11672 और वार्ड (पंच) के 160180 पदों पर चुनाव होगा, जिसमें 15812580 मतदाता मतदान करेंगे।