मीनल की एमआईसी: मनोज, महेंद्र, दीपक, बागल का कद बढ़ा, पूर्व महापौर ढेबर को मात देने वाले अमर गिदवानी को भी स्थान...
मीनल की एमआईसी
- अनुभव और जोश का सामंजस्य, विधायक, सांसद की पसंद को भी महत्व
- जोन अध्यक्ष के नामो को लेकर लग रहे कयास
रायपुर। रायपुर महापौर मीनल चौबे ने एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) के 14 सदस्यों की घोषणा कर दी है। जिसमें वरिष्ठों के अनुभव और युवा जोश का सामंजस्य किया गया है। इसमें 4 महिलाएं और 10 पुरुषों को स्थान दिया गया है। मनोज वर्मा, महेंद्र खोडियार, दीपक जायसवाल, अवतार बागल, गायत्री सुनील चंद्राकर को महत्वपूर्ण विभाग देकर इनका कद बढ़ाया गया है।
एमआईसी सदस्यों के चयन में विधायकों और सांसदों की पसंद को महत्व दिया गया है। राजधानी रायपुर के चारों विधानसभा क्षेत्र के पार्षदों को शामिल किया गया हैं। रायपुर नगर निगम के 10 जोन में अध्यक्ष पद को लेकर भी कयास लगाये जा रहे हैं। अपील समिति में पहले ही चार पार्षदों को स्थान मिल चुका है। अब 14 एमआईसी सदस्यों की घोषणा के साथ 18 पार्षदों को पद दिया जा चुका है। सभापति पदेन जोन अध्यक्ष होता हैं। इसलिए 9 जोन अध्यक्ष का चुनाव होना है।
महापौर मीनल चौबे ने प्रेस वार्ता में बताया कि एमआईसी के गठन में सभी को पर्याप्त महत्व दिया गया है। राजधानी के सांसद और सभी विधायकों की सहमति इसमें हैं। साथ ही बहुत जल्द 10 जोनों के जोन अध्यक्ष के गठन होने कि बात भी कही जिसके लिए आयुक्त से निवेदन किया है। एमआईसी सदस्यों के नाम की घोषणा के साथ ही उन्हें अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी भी दे दी गई है।
निगम की राजनीति में लोक कर्म, नगरीय नियोजन और भवन अनुज्ञा, राजस्व, वित्त, लेखा एवं अंकेक्षण, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग प्रमुख माने जाते हैं इसमें पूर्व नेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा को नगरीय नियोजन और भवन अनुज्ञा, दीपक जायसवाल को लोक कर्म, अवतार बागल को राजस्व और महेंद्र खोडियार को वित्त, लेखा एवं अंकेक्षण, गायत्री सुनील चंद्राकर को लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग देकर इनका कद बढ़ाया गया हैं। इसके साथ ही अन्य पार्षदों को भी अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दी गई हैं जिसमें:-
- डॉ अनामिका सिंह - सामान्य प्रशासन
- संतोष साहू- जल कार्य विभाग
- सुमन अशोक पांडे - विद्युत एवं अभियांत्रिकी
- खेम कुमार सेन - शहरी गरीबी उपशमन एवं समाज कल्याण विभाज्ज्
- सरिता दुबे - महिला बाल विकास
- संजना हियाल - अनुसूचित जाति एवं जनजाति
- अमर गिदवानी - संस्कृति विभाग
- नंद किशोर साहू - खेलकूद युवा कल्याण
- भोला साहू - पर्यावरण उद्यानिक विभाग
स्वदेश की खबर सच साबित हुई स्वदेश ने अपने 27 फरवरी के अंक में ही एमआईसी के संभावित नामो को प्रकाशित किया था, जिसमे से अधिकांश नाम आज घोषित मेयर इन कौंसिल में शामिल हैं।
कांग्रेस कार्यकाल के कार्यों में संज्ञान लिया जाएगा
महापौर मीनल चौबे ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि बीजेपी कार्यकाल में नगर निगम में जो भी काम किया जाएगा वह अच्छा और शहरवासियों के हित में लिया जाएगा। वही कांग्रेस कार्यकाल के कामों का संज्ञान लिया जाएगा और गड़बड़ी पाए जाने पर उसमें उचित कार्रवाई की जाएगी। बजट को लेकर उन्होंने कहा कि नगर निगम के लिए एक बेहतर बजट तैयार किया जाएगा, जिसका क्रियान्वयन वित्तीय वर्ष में किया जा सके और मार्च के संभावित तारीखों में ही बजट पेश करने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए लगातार अधिकारियों से बात की जा रही है।
शहर में जलसंकट को किया जाएगा दूर
महापौर ने कहा कि शहर की जनता को जितने पानी की जरूरत है उससे ज्यादा पानी आ रहा है। इसके बाद भी अगर जनता को पानी नहीं दे पा रहे हैं तो कहीं न कहीं नगर निगम की गलती है। इसके लिए जल विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। वहीं गर्मी के दिनों में जल संकट की समस्या को दूर करने के लिए कारणों को ढूंढा जा रहा है और उसमें बेहतर काम किया जाएगा।