नगर निगम चुनाव के मतदान की व्यस्तता के बीच सनसनीखेज वारदात: आर्मी ड्रेस में आए डकैतों ने घरवालों को बंधक बनाया और दिनदहाड़े लूट लिए 50 लाख

Update: 2025-02-11 18:14 GMT
आर्मी ड्रेस में आए डकैतों ने घरवालों को बंधक बनाया और दिनदहाड़े लूट लिए 50 लाख
  • whatsapp icon

रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान की व्यस्तता के बीच मंगलवार को खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित अनुपम नगर में दिनदहाड़े लगभग 50 लाख रुपये की डकैती हो गई। दोपहर करीब ढाई से 3 बजे के बीच 5 नकाबपोश डकैत एक घर में घुसे और वहां मौजूद दो महिलाओं और एक बुजुर्ग को धमकाते हुए बंधक बना लिया। इसके बाद डकैतों ने घरवालों को पिस्टल तानकर डराया और लाल सलाम बोलते हुए हल्ला किया, फिर घर की अलमारी में रखे पैसे और जेवरात लूटकर फरार हो गए। डकैतों में 2 आर्मी ड्रेस पहने हुए थे, 2 सामान्य कपड़ों में एक महिला पीले रंग के ड्रेस में थी। 

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने डकैतों की पहचान के लिए साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस लगातार घरवालों से पूछताछ कर रही है। घरवालों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन का सौदा 60 लाख रुपये में किया था और उसी रकम को घर में रखा था। पुलिस को शक है कि डकैतों को घर में पैसे होने की जानकारी किसी करीबी से मिली है। घर वालों ने बताया कि डकैतों ने परिवार की एक सदस्य के गले से सोने की चेन में छीन ली। परिवार के सदस्य प्रेम वेणु ने बताया कि अचानक से तीन लोग आए और बोले कि वे लाल सलाम गैंग से हैं। डकैतों ने कहा कि वे जंगल से आये हैं और उन्हें उनका हिस्सा नहीं मिला है। वेणु ने बताया कि डकैतों ने घर को बम से उड़ाने और गोली मारने की धमकी दी। 

सीसीटीवी फुटेज में दिखे डकैत

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दोपहर 2 बजकर 47 मिनट में एक सफेद रंग की रिट्ज कार में 5 लोग पहुंचे। घटना के वक्त मनोहर वेणु उम्र 70, रजनी वेणु उम्र 67 और प्रेम वेणु उम्र 71 घर में मौजूद थे। डकैतों ने घर में घुसकर इन्हें बंधक बनाया लूटपाट को अंजाम दिया। लूट के बाद डकैत घरवालों को उसी हालत में छोड़कर घर से फरार हो गए।  

अनुपम नगर में लगभग 50 लाख की डकैती हुई है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सख्त सुरक्षा चेकिंग की गई है, ताकि डकैतों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

लखन पटले, एएसपी, सिटी

Tags:    

Similar News