इस्तांबुल के अदालत में हमला करने के प्रयास में दो हमलावर ढेर, छह घायल

कैग्लायन अदालत परिसर में एक सुरक्षा चौकी पर स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 46 मिनट पर ‘हमला करने के प्रयास’ के दौरान एक पुरुष और एक महिला मारे गए।

Update: 2024-02-07 06:58 GMT

इस्तांबुल। तुर्किए की राजधानी इस्तांबुल में मंगलवार को एक अदालत परिसर पर हमला करने की कोशिश के दौरान दो व्यक्तियों को मार गिराया गया। यह जानकारी तुर्किए के गृहमंत्री अली येरलिकाया ने दी। येरलिकाया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि सुबह कैग्लायन अदालत परिसर में एक सुरक्षा चौकी पर स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 46 मिनट पर ‘हमला करने के प्रयास’ के दौरान एक पुरुष और एक महिला मारे गए।

मंत्री ने बताया कि इस घटना में तीन पुलिस अधिकारियों सहित छह लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमारे वीर पुलिस अधिकारियों को बधाई देता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। कैग्लायन इस्तांबुल शहर के यूरोपीय हिस्से में कागिथेन जिले में एक विशाल अदालत परिसर है। येरलिकाया ने बाद में हमलावरों की पहचान रिवॉल्यूशनरी पीपुल्स लिबरेशन पार्टी/फ्रंट, या डीएचकेपी/सी के सदस्यों के रूप में की, जो एक धुर वामपंथी समूह है जिसे तुर्की, अमेरिका और यूरोपीय संघ में एक आतंकवादी संगठन माना जाता है। यह हमला ऐसे दिन हुआ, जब तुर्किए देश के दक्षिण में आए भूकंप की बरसी मना रहा था, जिसमें हजारों लोग मारे गए थे।

Tags:    

Similar News