चुनाव ऐलान के बाद शहडोल पहुंचे राहुल गांधी, कहा - मप्र भाजपा की लैबोरेटरी जहां पटवारी बनने के लिए रिश्वत दी जाती है

राहुल गांधी ने कहा आदिवासी और वनवासी में क्या फर्क है? हम आपको आदिवासी कहते हैं।आदिवासी शब्द का मतलब- हिंदुस्तान के वासी।

Update: 2023-10-10 08:49 GMT

राहुल गांधी पहुंचे शहडोल 

शहडोल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज (मंगलवार ) को शहडोल पहुंचे। उन्होंने जिले की ब्यौहारी विधानसभा में जनसभा को संबोधित किया। चुनाव की घोषणा के बाद राहुल गांधी का ये पहला मप्र दौरा हैं।  इससे पहले 30 सितंबर को शाजापुर आए थे। 10 दिन में उनका ये दूसरा दौरा है।  राहुल गांधी ने ब्यौहारी में जनसभा को संबोधित करते हुए  भाजपा और शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला।  

राहुल गांधी ने कहा कि आडवानी जी ने कहा था कि भाजपा का सच्चा कारखाना गुजरात में नहीं है मगर मध्यप्रदेश में है। आडवानी जी ने कहा था कि मध्यप्रदेश उनका कारखाना है तो मैंने सोचा कि चलो देखें। दो तीन उदाहरण आपको देना चाहता हूं।

  • बीजेपी की लेबोरेटरी में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है और उनका पैसा चोरी किया जाता है।
  • देश के किसी प्रदेश में मरे हुए लोगों का इलाज नहीं किया जाता है। मध्यप्रदेश में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है।
  • मध्यप्रदेश में महाकाल से चोरी की जाती है।
  • बच्चों का मिड डे मील का पैसा मध्यप्रदेश में चोरी किया जाता है।
  • व्यापमं में एक करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जाता है।
  • पटवारी बनने के लिए 15 लाख की रिश्वत दी जाती है
  • बीजेपी की लेबोरेटरी में हर साल तीन किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं।
  • मंदसौर में गोली मारी जाती है। 

आदिवासी मतलब हिंदुस्तान के वासी

राहुल गांधी ने आगे कहा कि भाजपा के कारखाने में हर रोज महिलाओं का रेप होता है। बीजेपी की लेबोरेटरी में नेता आदिवासियों के ऊपर पेशाब करते हैं। शब्द बहुत महत्वपूर्ण होते हैं।आदिवासी और वनवासी में क्या फर्क है? हम आपको आदिवासी कहते हैं।आदिवासी शब्द का मतलब- हिंदुस्तान के वासी।जो देश में पहले आए थे, जो इस ज़मीन के असली मालिक हैं।हिंदुस्तान की जमीन, जल, जंगल पर आदिवासियों का सबसे पहला हक बनता है।भाजपा आपको वनवासी कहती है।राहुल गांधी ने जनसभा में जातीय जनगणना कराने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनी तो मप्र में पहला काम जातीय जनगणना कराने का होगा।

चुनाव मध्य प्रदेश के युवाओं का भविष्य तय करेगा

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव मध्य प्रदेश के युवाओं का भविष्य तय करेगा। मध्य प्रदेश की तस्वीर सामने रखें। सोच समझकर मत के अधिकार का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि मैंने कौन सी गलती की, प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। शहडोल जिले में 18000 किसानों का कर्ज माफ किया। यह पहली किस्त में था, दूसरा किस्त का काम चालू हो रहा था। यहां 100 यूनिट 100 रुपये बिजली दी, कौन सा गुनाह किया।

 जन आक्रोश यात्रा का समापन 

दरअसल, कांग्रेस ने प्रदेश में 21 सितंबर से जन आक्रोश यात्राओं की शुरुआत की थी, जो 30 विधानसभा क्षेत्रों में घूमते हुए शहडोल के ब्यौहारी पहुंची है। इस जन आक्रोश यात्रा का मंगलवार को समापन हुआ। राहुल गांधी यहां समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। शहडोल से पहले राहुल गांधी विमान द्वारा सतना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका स्वागत करने के लिए कांग्रेसियों का हुजूम उमड़ पड़ा।

Tags:    

Similar News