MP NEWS: सड़क निर्माण में गड़बड़ी मिलने पर PWD के दो अधिकारियों को शो कॉज नोटिस, 3 फर्म ब्लैकलिस्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश के सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजगढ़ जिले के छापीखेड़ा-नलखेड़ा मार्ग पर काम किया जा रहा था। काम के औचक निरीक्षण के लिए यहां अचानक एक जांच दल पहुंचा। सड़क के निरीक्षण के दौरान काम में गड़बड़ी मिली। इसके बाद दो अधिकारियों को शो कॉज नोटिस और 3 फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।
अधिकारियों को नोटिस
दरअसल, लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये निर्माण कार्यों के औचक निरीक्षण की पहल शुरू की गई हैं। इसके तहत सॉफ्टवेयर के माध्यम से रैंडम तरीके से चयनित दलों, जिलों, निर्माण कार्यों और सामग्री के सैंपल लेने के स्थानों का औचक निरीक्षण किया जाता है।
इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग के सातों परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं के सात दलों द्वारा सात जिलों में निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान कुल 34 कार्यों को रैंडम आधार पर चयनित किया गया, जिनमें 14 कार्य पी.डब्ल्यू.डी. सड़क और पुल, 10 कार्य पी.आई.यू. 8 कार्य म.प्र. सड़क विकास निगम और 2 कार्य म.प्र. भवन विकास निगम के अंतर्गत आए।
राजगढ़ जिले के छापीखेड़ा-नलखेड़ा मार्ग में सबग्रेड कार्य में बड़े पत्थरों के उपयोग की गड़बड़ी पाए जाने पर कंसलटेंसी एवं एजीएम आरडीसी अभिषेक गोकरू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किये जाने के निर्देश दिए गए।
ठेकेदार ब्लैक लिस्ट
नरसिंहपुर जिले में करेली-सिंहपुर-डांगीढाना मार्ग में सीमेंट कांक्रीट में ज्वाइंट निर्माण में लापरवाही के कारण ओपन हो जाने की शिकायत मिली। इस पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किये जाने के लिये मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया। बुरहानपुर जिले में धूलोट शिवबाबा इटारिया एवं नरसिंहगढ़ शहरी क्षेत्र में कांक्रीट कार्य की धीमी गति को लेकर भी ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किये जाने के निर्देश दिए गए।