Wrestling Federation of India: पहलवानों के लिए बड़ी खुशखबरी! कुश्ती महासंघ को मिली राहत, खेल मंत्रालय ने हटाया निलंबन...
Wrestling Federation of India
Wrestling Federation gets relief as Sports : खेल मंत्रालय ने मंगलवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) पर लगा निलंबन हटा लिया, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता साफ हो गया। इस फैसले के बाद घरेलू टूर्नामेंटों के संचालन और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए राष्ट्रीय टीमों के चयन में कोई बाधा नहीं रहेगी। गौरतलब है कि खेल मंत्रालय ने 24 दिसंबर, 2023 को अंडर-15 (यू-15) और अंडर-20 (यू-20) राष्ट्रीय चैंपियनशिप की जल्दबाजी में घोषणा करने के कारण डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया था।
आखिर क्यु लगाया गया था निलंबन
21 दिसंबर, 2023 को संजय सिंह के नेतृत्व वाले पैनल ने WFI चुनाव जीता। राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए गोंडा के नंदिनी नगर को वेन्यू चुनने से सरकार नाराज हुई। यह स्थान पूर्व WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव वाला था। इसी कारण खेल मंत्रालय ने महासंघ पर निलंबन लगाया। मंत्रालय ने कहा कि WFI ने सुधारात्मक कदम उठाए हैं। इसी के चलते निलंबन हटाने का फैसला किया गया।
2023 में संजय सिंह ने संभाली WFI की कमान
2023 में जंतर-मंतर पर पहलवानों ने निवर्तमान WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उन पर सात महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे। इसी विरोध के बीच, दिसंबर 2023 में महासंघ के पदाधिकारियों के चुनाव हुए। विरोध करने वाले पहलवानों ने इन चुनावों को अवैध करार देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया। बावजूद इसके, 21 दिसंबर 2023 को हुए चुनावों में बृजभूषण के करीबी संजय सिंह को WFI का नया प्रमुख चुना गया।
पिछले महीने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के कार्यालय को बदलने की घोषणा की गई थी। महासंघ ने स्वीकार किया था कि उसका संचालन पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के आवास से हो रहा था, लेकिन इसे केवल अस्थायी व्यवस्था बताया गया। WFI ने यह भी कहा कि अगले महीने कनॉट प्लेस स्थित नए कार्यालय से काम शुरू किया जाएगा।
दिसंबर 2023 में खेल मंत्रालय ने WFI को निलंबित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद महासंघ का काम पूर्व प्रमुख और पांच बार के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के 21, अशोक रोड स्थित घर से चल रहा था, जबकि उनके खिलाफ उत्पीड़न का मामला भी लंबित है।