शिवपुरी: MP के सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाला शिक्षक निकला करोड़पति, छापेमारी में EOW को मिली इतनी संपत्ति
MP के सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाला शिक्षक निकला करोड़पति
मध्य प्रदेश। करोड़पति कॉन्स्टेबल के बाद अब मध्यप्रदेश में करोड़पति सरकारी टीचर मिला है। EOW की छापेमारी के बाद शिवपुरी के छोटे से गांव का शिक्षक करोड़पति पाया गया है। आर्थिक अपराध शाखा ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में पता चला है कि, यह शिक्षक करोड़पति है।
EOW ने पुष्टि की है कि, 'मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के भौंती के केदार गांव में कार्यरत सरकारी शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के घर पर आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की टीम ने आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान ईओडब्ल्यू को शिक्षक और उसके परिजनों के नाम 8 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति की रजिस्ट्री मिली।'
कौन है करोड़पति सरकारी शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया :
जानकारी के अनुसार, सुरेश सिंह भदौरिया भिंड का रहने वाला है। गांव के प्राथमिक स्कूल में वह वर्ग तीन शिक्षक है। कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो यह शिक्षक पिछोर से कांग्रेस विधायक रहे केपी सिंह का करीबी है। सुरेश सिंह भदौरिया पर हरिजन एक्ट समेत दर्जनों एफआईआर दर्ज हैं। वह जमीन की खरीद - फरोख्त के काम में भी जुड़ा हुआ था।
इस करोड़पति शिक्षक के पास दुकान, घर, कार सोना - चांदी और ट्रैक्टर - ट्रक भी थे। इस शिक्षक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज हुआ था। रिहायशी घर के अलावा 1 करोड़ 70 लाख रुपए की 11 दुकानें, 1 करोड़ रुपए की पिछोर रोड पर 10 दुकान, 52 प्लॉट जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपए है भी मिले हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि, भदौरिया ने अपने पूरे कार्यकाल में 38 लाख 4 हजार रुपए वेतन के रूप में कमाए। जब छापेमारी हुई तो उसके पद 8 करोड़ 36 लाख 32 हजार 340 रुपए की संपत्ति मिली। इस तरह सरकार स्कूल के शिक्षक ने 7 करोड़ 98 लाख 28 हजार 340 रुपए अधिक कमाए। इस शिक्षक के पास 12 बैंक अकाउंट भी मिले हैं।