Shivaay Gupta Kidnapping: ग्वालियर किडनैपिंग केस, पुलिस ने किया आरोपियों का शार्ट एनकाउंटर
Shivaay Gupta Kidnapping
Gwalior Shivaay Gupta Kidnapping : मध्य प्रदेश। ग्वालियर में शिवाय गुप्ता किडनैपिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस द्वारा शिवाय के किडनैपर्स का शॉर्ट एनकाउंटर कर पकड़ लिया गया है। पुलिस द्वारा शॉर्ट एनकाउंटर किए जाने पर आरोपी राहुल गुर्जर और बंटी उर्फ़ लल्ला गुर्जर को हिरासत में ले लिया गया है। देर रात पुलिस की दोनों आरोपियों के साथ मुठभेड़ हुई थी।
बताया जा रहा है कि, आरोपियों को पुलिस द्वारा मुरैना के माता बसैया थाना क्षेत्र में कुतवार बांध पर बने पुल पर पकड़ा गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फयरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद मुरैना पुलिस द्वारा आरोपियों को अस्पताल में भर्ती किया गया।
क्यों किया गया था शिवाय का अपहरण :
पुलिस द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया है कि, राहुल और बंटी का शिवाय के मामा अरुण गोयल से विवाद था। अरुण गोयल के राहुल और बंटी व्यापारिक संबंध थे। दो किलो सोना गिरवी रखने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद राहुल गुर्जर ने अरुण को सबक सिखाने के लिए किडनैपिंग की योजना बनाई थी। शिवाय के बदले दोनों आरोपी एक करोड़ रुपए फिरौती मांगने वाले थे।
बदमाशों के पास से लाल रंग की अपाचे बरामद हुई है। इसी बाइक पर बैठकर बदमाश आए थे और शिवाय को किडनैप किया था। गनीमत रही कि, शिवाय गुप्ता सही सलामत ग्रामीणों को मिल गया और उन्होंने उसे पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हो सकता है कि, पूछताछ में और भी बातें सामने आएं।