Hardoi News: 'देवतुल्य कार्यकर्ताओं' के अपमान के सवाल से प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर का सामना...

'संगठन पर्व’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले सहकारिता मंत्री, बात डीएम से करूंगा, कार्यकर्ता का सम्मान बड़ा

Update: 2024-09-04 14:25 GMT

हरदोई। भाजपा का 'मेगा मेंबरशिप मूवमेंट’ 3 से शुरू हो चुका है। इसे लेकर पार्टी लगातार मण्डल स्तर पर कार्यशालाएं आहूत कर रही है। इसी कड़ी में सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और जिले के प्रभारी मंत्री जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर (जेपीएस) बुधवार को भाजपा जिला मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता करने आए। पहले तो उन्होंने सदस्यता अभियान की पूरी योजना रचना, रणनीति और मंशा की चर्चा की।

प्रश्न सत्र में अतिक्रमण अभियान के दौरान प्रशासन से कार्यकर्ताओं की रार और बदसलूकी, शहर की दुर्दशा और प्रेस क्लब के सवाल उठे।

जेपीएस ने बताया, राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का आगाज मंगलवार को प्रधानमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष और गृह मंत्री के साथ और लखनऊ में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ भाजपा की सदस्यता लेकर संगठन पर्व का शुभारम्भ किया। बताया, अब सभी की सदस्यता शून्य हो गई है और नए सिरे से सदस्यता लेनी होगी। सक्रिय सदस्य के लिए अब 100 सदस्य जोड़ने होंगे। बताया पहला डिजिटल अभियान 2014/15, 2017 (विशेष सदस्यता) और 2019 में सम्पन्न हुआ। साल 2015 में प्रदेश में 1.86 करोड़ सदस्य बने, जिसमे 2019 में 90 लाख सदस्य और जुड़ गए। विधानसभा चुनाव से पहले विशेष अभियान में 30 लाख नए सदस्य बने। इस तरह अब तक कुल 3.03 करोड़ लोग प्रदेश में सदस्य हैं।

100 रुपए भुगतान करेगा सक्रिय सदस्य : प्रभारी मंत्री जेपीएस ने कहा, सदस्यता अभियान का प्रथम चरण 25 सितम्बर और दूसरा चरण 1 से 15 अक्टूबर तक चलेगा। सभी बूथों को स्पर्श करते हुए 200 सदस्य जोड़े जाएंगे। सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 सदस्य बनाने और सौ रुपए नमो एप पर भुगतान करना अनिवार्य होगा। बताया, 11 से 17 सितंबर तक सभी जनप्रतिनिधि घर घर कुंडी खटकाएंगे। इस अवधि में 1,62,012 बूथों पर संपर्क होगा। प्रदेश के 27,634 शक्ति केन्द्रों पर सदस्यता सहयोगी बनाए हैं। वरिष्ठ पदाधिकारी बूथों पर सदस्यता की निगरानी करेंगे।

हर रविवार 'अटल' सदस्यता पर्व : सहकारिता राज्य मंत्री ने कहा, चूंकि अटल शताब्दी वर्ष है, तो अभियान के दौरान हर रविवार को अटल सदस्यता पर्व मनाया जायेगा। इस दिन समाज के विशिष्ट समूहों के बीच जाकर उन्हें संगठन की रीति नीति बता कर सदस्य बनाया जाएगा। इस दिन विशिष्ट समूह से सभी सांसद और विधायक आसपास के 20 सदस्य बनाएंगे। पार्टी, मोर्चा और प्रकोष्ठ 'समूह विशिष्ट सम्पर्क’ अभियान चलाएंगे।

उठा पार्टी वर्कर्स की बे-कदरी का प्रश्न : बीते दिनों अतिक्रमण अभियान के दौरान भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष अनुपमा सिंह और जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक की पिहानी चुंगी के समीप दुकानों के सामने जिलाधीश के निर्देश के विपरीत तोड़फोड़ कराने का आरोप सिटी मजिस्ट्रेट सुनील त्रिवेदी पर था। उन्होंने बात रखने पहुंचे पाठक से बात तो नहीं ही की, घुड़का भी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें नगराधीश भाजपा जिला मीडिया प्रभारी से दुर्व्यवहार करते दिख रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट की अनर्गल कार्यशैली का 16 मार्च को ’दंश’ खा चुके पूर्व जिलाध्यक्ष विद्याराम वर्मा भी डायस पर मौजूद थे।

प्रश्न हुआ तो जेपीएस ने उत्तर उम्मीद के मुताबिक डिप्लोमेटिक दिया। बोले, इस तरह का कार्य व्यवहार अधिकारी का उचित नहीं है। कार्यकर्ता ही क्यों, हर नागरिक का सम्मान है। प्रकरण संज्ञान में लाया गया है। डीएम से बात करेंगे, कार्यकर्ता का सम्मान बड़ा है और रहेगा। शहर में सड़कों की दुर्दशा और गंदगी के अम्बार के सवाल पर कहा, जल्दी ही निरीक्षण करेंगे और अव्यवस्थाओं को दूर कराएंगे।

प्रशान्त ने फिर याद दिलाया प्रेस क्लब : वरिष्ठ पत्रकार प्रशान्त पाठक ने प्रभारी मंत्री को प्रेस क्लब को लेकर रिमाइंडर दिया। कहा, कई मर्तबा कह चुके हैं, अब तो जुबान खिया गई है। इस पर जेपीएस ने कहा, डीएम से बात कर जल्दी स्थान की व्यवस्था कराएंगे। इस पर प्रशान्त ने पलट कर कहा, कमरा एक जिला पंचायत परिषद में मिल गया था और उसको दुरुस्त कराने में पैसा भी खर्च हुआ था, पर बाद में छिन गया। प्रभारी मंत्री ने फिर कहा, कोई ना कोई स्थान की व्यवस्था कराएंगे। इस पर प्रतिवाद हुआ, कोई नहीं, पुरानी वाली जगह ही सबसे सही है, वहां से कलेक्टर दफ्तर, एसपी ऑफिस, कचहरी, विकास भवन, मेडिकल कॉलेज एप्रोच में है। ये ऐसी जगह है, दिन भर भागमभाग के बाद जहां पत्रकार दो घड़ी सुस्ता सकते हैं। जेपीएस ने शासन में बात करने का कौल किया।

ये रहे मौजूद : प्रदेश मंत्री/जिला संगठन प्रभारी शंकरलाल लोधी, जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा, विधायक श्याम प्रकाश और प्रभाष कुमार, क्षेत्रीय मंत्री संजय गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री डॉ. विमल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह, राजीव रंजन मिश्रा, श्रीकृष्ण शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह, प्रीतेश दीक्षित, संजय सिंह गुड्डू, सिद्ध प्रताप मौर्य, जिला महामंत्री/सदस्यता प्रभारी ओम वर्मा, अनुराग मिश्रा, जिला मंत्री अविनाश पाण्डेय, नीतू चंद्रा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विश्वराज सिंह, डीसीबी चेयरमैन अशोक सिंह, सुभाष पाण्डेय, वीरेन्द्र बाजपेई, मिडिया प्रभारी गांगेश पाठक, सह प्रभारी सत्यम शुक्ला, आईटी संयोजक सौरभ सिंह गौर, जिला कार्यसमिति सदस्य संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाजपा सिटी मंडल ने फोड़े दिल के छाले : पूर्व जिला उपाध्यक्ष अनुपमा सिंह और जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक के साथ सिटी मजिस्ट्रेट की ताजा बदसलूकी और 16 मार्च को पूर्व जिलाध्यक्ष विद्याराम वर्मा के अपमान की याद दिलाते हुए नगर मण्डल ने ज्ञापन प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर को दिया। कहा, लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व जिलाध्यक्ष से इस कदर दुर्व्यवहार हुआ कि सदमे में उनकी सहधर्मिणी स्वर्ग सिधार गईं।

अब गलत हुए पर अनुपमा और गांगेश से सिटी मजिस्ट्रेट ने उग्रता से अभद्रता की। इन हालात में जनपद का कार्यकर्ता हताश और निराश है। जनविरोधी और पार्टी विरोधी सोच वाले अधिकारी का तबादला कर दंडित किया जाना जरूरी है। इस मौके पर उपाध्यक्ष निधि सिंह, प्रद्युम्न सिंह पुन्ने, मंत्री पंकज सिंह, राजेन्द्र गुप्ता रानू, कोषाध्यक्ष प्रभाकर अग्निहोत्री, अक्षय प्रताप रानू, बॉबी गुप्ता, गुड्डू सिंह मौजूद रहे। हालांकि, ज्ञापन नगर मण्डल के ऑफिशियल लेटर हेड पर नहीं है।

Similar News