शाहाबाद: बेडरूम में जिंदा जला वकील, शॉर्ट सर्किट की आशंका…

प्रिंसिपल पिता की 'कॉल' नहीं हुई 'पिक', दोस्त को भेजा तो मिला दुखदाई समाचार

Update: 2024-10-23 15:17 GMT

शाहाबाद। चौक निवासी अधिवक्ता दीपक गुप्ता घर में जले मिले। घर में आग लगने से उनकी जिंदा जलकर मौत हो गयी।माना जा रहा है आग शॉर्ट सर्किट से लगी। कोतवाली पुलिस मेन गेट तोड़ कर भीतर घुसी तो सब राख हो चुका था। दीपक के पिता मुरादाबाद में इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल हैं और इन दिनों मां भी वहीं थीं। समाचार लिखे जाने तक परिजन पहुंचे नहीं थे।

चौक के श्याम कुमार गुप्ता प्रसिद्ध अध्यापक हैं। राष्ट्रपिता म्युनिसिपल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रह चुके हैं। संप्रति मुरादाबाद के कॉलेज में पदस्थ हैं। माता के साथ दीपक यहीं रहते हैं। करवाचौथ पर माता कृष्णा देवी मुरादाबाद पति के पास चली गईं थीं। दीपक घर में अकेले थे। मंगलवार रात से दीपक का फ़ोन बन्द आ रहा था। पिता श्याम कुमार को फिक्र हुई तो निकटतम उमेश चौधरी से संपर्क साध उनके घर जानकारी करने को बोला।

उमेश पहुंचे तो घर का मेन गेट भीतर से बंद मिला। जैसे तैसे बाहर की जाली कटवा अंदर से मेन गेट खोला गया।उमेश चौधरी ने बिना देरी कोतवाल निर्भय सिंह को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गेट तोड़ भीतर पहुंचने पर कमरा धुआं धुआं था। सभी भौचक्के रह गए। बेड खाक हो चुका था। पंखे के पर टेढ़े हो गए थे।दीवार पर धुएं की परत थी। बड़े बक्से के पीछे दीपक का शव मिला। राख में अंगारे सुलग रहे थे। घटना से नगर में सभी हतप्रभ हैं और अधिवक्ता साथी को खोने से गमजदा हैं।

Tags:    

Similar News