26 नवंबर 2008 की रात मुंबई पर हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था, पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया । करीब 60 घंटे तक चले इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए । हमले के बाद भारतीय सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद से निपटने की रणनीति में बड़े बदलाव किए गए।
आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST), ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस और लियोपोल्ड कैफे समेत कई जगहों पर गोलीबारी और विस्फोट किए। रेलवे स्टेशन पर अंधाधुंध फायरिंग हुई तो ताज और ओबेरॉय होटल में लोगों को बंधक बना लिया गया । नरीमन हाउस को भी आतंकियों ने अपना ठिकाना बनाया।
हमले की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के कमांडो मोर्चे पर पहुंचे, सुरक्षा बलों ने अलग-अलग ठिकानों पर अभियान चलाकर आतंकियों का मुकाबला किया । 29 नवंबर की सुबह तक चले ऑपरेशन में नौ आतंकी मारे गए। एक आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया। बाद में मुकदमे के बाद उसे दोषी ठहराया गया और 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा जेल में फांसी दी गई।
हमले के बाद बदली सुरक्षा व्यवस्था
26/11 हमले ने समुद्री सुरक्षा, खुफिया जानकारी साझा करने और आतंकवाद से निपटने की मौजूदा व्यवस्था की कमजोरियां उजागर कर दी थीं। इसके बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का गठन किया। तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए कदम उठाए गए और समुद्री निगरानी व्यवस्था का विस्तार किया गया।
मुंबई में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस बलों को बेहतर हथियार और प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। NSG के क्षेत्रीय केंद्र स्थापित किए गए, ताकि किसी बड़े आतंकी हमले की स्थिति में कमांडो को दिल्ली से पहुंचने का इंतजार न करना पड़े।
26/11 का हमला भारत की सुरक्षा व्यवस्था के इतिहास में एक बड़ा मोड़ साबित हुआ । इस घटना ने यह साफ कर दिया कि आतंकवाद से मुकाबले के लिए केवल पुलिस कार्रवाई काफी नहीं, बल्कि खुफिया तंत्र, समुद्री सुरक्षा और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल भी जरूरी है।