नई दिल्लीः पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है । मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं जेल में बंद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से टिकट दिया गया है। पार्टी की पहली सूची में मौजूदा विधायकों को जगह दी गई है ।
AAP ने यह सूची 31 अक्टूबर को जारी की। इसमें पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल और बटाला से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी) को टिकट मिला है ।
संजीव अरोड़ा को जेल से मिला टिकट, हरपाल चीमा का नाम नहीं
लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बनाए गए संजीव अरोड़ा फिलहाल गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं । उन्हें मई 2026 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। अरोड़ा ने 2025 में लुधियाना वेस्ट उपचुनाव जीता था ।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम पहली सूची में शामिल नहीं है। उनका नाम संगरूर के गुलजार सिंह की मौत के मामले को लेकर चर्चा में रहा है। इस मामले में परिवार ने आरोप लगाए थे, जबकि चीमा ने विपक्ष पर उन्हें फंसाने की साजिश का आरोप लगाया था । पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मामले की जांच पर सरकार से रिपोर्ट भी मांगी थी। हालांकि, चीमा का नाम सूची में न होने की वजह पार्टी ने स्पष्ट नहीं की है।
पंजाब में 117 विधानसभा सीटें
पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं। AAP ने पहली सूची में 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। बाकी 77 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होना अभी बाकी है पंजाब विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 16 मार्च 2027 को पूरा होगा। ऐसे में चुनाव से पहले उम्मीदवारों के नाम घोषित करके पार्टी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।