देशभर में 28 से 30 सितंबर तक होने वाली बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल फिलहाल टल गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल वापस लेने पर सहमति बनी।बैंक कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग 5-Day Working की है। यानी बैंक सोमवार से शुक्रवार तक खुलें और शनिवार-रविवार को छुट्टी रहे। इसके अलावा PLI यानी Performance Linked Incentive से जुड़े मुद्दे भी कर्मचारियों की मांगों में शामिल हैं।
हड़ताल क्यों टली?
बैठक में कर्मचारियों की छुट्टियों और 5-Day Working समेत दूसरे लंबित मुद्दों पर बातचीत के लिए हाई लेवल कमेटी बनाने पर सहमति बनी है। इसके बाद तीन दिन की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को टाल दिया गया।हालांकि, अभी 5-Day Working लागू नहीं हुई है। शनिवार की छुट्टी को लेकर अंतिम फैसला कमेटी की बातचीत और आगे की प्रक्रिया के बाद ही होगा।
बैंक ग्राहकों पर क्या असर होगा?
हड़ताल टलने से 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक शाखाओं का कामकाज हड़ताल की वजह से प्रभावित नहीं होगा। हड़ताल होने पर कैश जमा-निकासी, चेक से जुड़े काम, ड्राफ्ट और दूसरी ब्रांच सेवाओं पर असर पड़ सकता था।
रविवार को खुले थे बैंक
हड़ताल की आशंका को देखते हुए देशभर में रविवार को भी बैंक खोले गए थे। इसका उद्देश्य ग्राहकों के जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटाना था, ताकि संभावित तीन दिन की हड़ताल के दौरान परेशानी कम हो।अब कर्मचारियों की नजर हाई लेवल कमेटी की आगे की बातचीत पर है। यानी फिलहाल बैंक हड़ताल नहीं होगी, लेकिन 5-Day Working की मांग पर फैसला अभी बाकी है।