बेंगलुरुः कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पांच सितारा कोनराड होटल के स्विमिंग पूल में शुक्रवार शाम करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई । मृतकों में जर्मनी के एक नागरिक और स्लोवाकिया के एक नागरिक शामिल हैं। दोनों को बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का कर्मचारी भी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
बचाने पहुंचे दो लोग भी घायल
यह घटना बेंगलुरु के हलासुरु इलाके में स्थित कोनराड होटल के तीसरे फ्लोर पर बने स्विमिंग पूल में हुई। मृतकों की पहचान जर्मनी के अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और स्लोवाकिया के जुराज होर्वाट के रूप में हुई है। अलेक्जेंडर लुफ्थांसा एयरलाइंस के क्रू मेंबर थे जबकि जुराज आईबीएम कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर काम करते थे।
हादसे के दौरान 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और 28 वर्षीय होटल कर्मचारी राहुल तिवारी दोनों को बचाने के लिए पूल में उतरे । इस कोशिश में वे भी घायल हो गए। दोनों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
होटल पर लापरवाही के आरोप
मृतक अलेक्जेंडर की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है । शिकायत में होटल प्रबंधन पर स्विमिंग पूल के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया गया है, हालांकि अभी तक करंट आने की असली वजह सामने नहीं आई है।
पुलिस पूल में बिजली का झटका लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। हादसे के बाद होटल ने अपनी वेबसाइट पर स्विमिंग पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के लिए बंद रखने की जानकारी दी है ।
कोनराड होटल प्रबंधन ने भी घटना पर दुख जताते हुए जांच में स्थानीय अधिकारियों का सहयोग करने की बात कही है फिलहाल यह जांच का विषय है कि पूल में करंट कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी या नहीं।