पुरे देश में लगातार लॉकडाउन की खबरों को लेकर सरकार का बड़ा बयान सामने आया है। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा है कि देश में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अफवाहों पर ध्यान न दें
किरन रिजिजू ने स्पष्ट किया कि लॉकडाउन की खबरें अफवाह हैं और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, "जमाखोरों को चेतावनी दी जा चुकी है और राज्य सरकारों से कहा गया है कि कोई होर्डिंग न हो। भारत सरकार की पूरी निगरानी में स्थिति नियंत्रण में है।"
ऐसे समय में हमें शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहना चाहिए
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इस बात की पुष्टि की और कहा कि डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना है। सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में हम सभी को शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहना चाहिए। अफवाह फैलाना किसी के हित में नहीं है।
लॉकडाउन फिर से नहीं लगेगा
वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कोविड के समय जैसा लॉकडाउन फिर से नहीं होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देशवासियों को कोविड जैसी पाबंदियों और कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
PM सभी मुख्यमंत्रियों से करेंगे चर्चा
प्रधानमंत्री ने चार दिन पहले संसद में कहा था कि युद्ध और वैश्विक संकटों के कारण पैदा हुई परिस्थितियों का असर लंबे समय तक रह सकता है। इसलिए देश को तैयार रहना होगा। पीएम आज शाम सभी मुख्यमंत्रियों के साथ स्थिति पर चर्चा भी करेंगे।
विपक्ष की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोविड जैसी स्थिति का जिक्र किया था, जिसमें लोगों ने भारी नुकसान झेला। मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कोविड के दौरान हुई दुखद परिस्थितियों और नागरिकों की कठिनाइयों को याद दिलाया और चिंता जताई कि अब देश को बढ़ती महंगाई, ऊर्जा संकट और फ्यूल की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।