हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय यानी जीजेयू हिसार हॉस्टल फंड को लेकर चर्चा में है। नए स्थायी कुलपति के आने की सुगबुगाहट के बीच कार्यवाहक व्यवस्था पर वित्तीय मामलों में जल्दबाजी के आरोप लग रहे हैं। दस्तावेजों के अनुसार रजिस्ट्रार डॉ. विजय कुमार और कार्यवाहक कुलपति के अनुमोदन के बाद हॉस्टल के अलग खातों में जमा विकास और कल्याणकारी राशि को यूनिवर्सिटी वर्क्स डिपार्टमेंट और मुख्य खाते में ट्रांसफर करने की तैयारी है। साथ ही नए कैंपस की रंगाई पुताई और मेंटेनेंस के नाम पर करीब 4 करोड़ रुपये का टेंडर भी तैयार किया गया है। विश्वविद्यालय के गलियारों में सवाल उठ रहा है कि नए मुखिया के आने से पहले इतनी तेजी क्यों दिखाई जा रही है।
हॉस्टल खातों से 4.76 करोड़ रुपये ट्रांसफर की तैयारी
सैलरी सेक्शन और यूनिवर्सिटी वर्क्स डिपार्टमेंट के बीच हुए पत्राचार में हॉस्टल फंड को डाइवर्ट करने की योजना सामने आई है। कागजी आंकड़ों में पिछले तीन साल के दौरान रेगुलर और HKRNL स्टाफ के वेतन भुगतान के नाम पर हॉस्टल खातों से करीब 476.57 लाख रुपये की देनदारी दिखाई गई है। यह रकम लगभग 4.76 करोड़ रुपये बैठती है। दस्तावेजों पर रजिस्ट्रार और कार्यवाहक कुलपति के हस्ताक्षर और नोटिंग बताती है कि फाइल उच्च स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रही है। आरोप है कि चीफ वार्डन बॉयज और गर्ल्स पर दबाव बनाकर यह राशि पंजाब नेशनल बैंक में यूनिवर्सिटी के मेन अकाउंट में ट्रांसफर कराने के आदेश कराए जा रहे हैं।
छात्रों की सुविधाओं पर असर का सवाल
नियमों के मुताबिक हॉस्टल के अपने स्वतंत्र बैंक खाते और अलग बजट अनुमान होते हैं। इस पैसे का इस्तेमाल छात्रों की हॉस्टल सुविधाओं, रखरखाव और कल्याण पर होना चाहिए। जानकारों का कहना है कि अगर यह रकम मुख्य प्रशासनिक खाते में चली गई तो आने वाले दिनों में हॉस्टल की बुनियादी सुविधाओं और रखरखाव पर असर पड़ सकता है।
4 करोड़ के मेंटेनेंस टेंडर पर नए वीसी से पहले हलचल
सूत्रों का दावा है कि वित्तीय मामलों में इस जल्दबाजी की वजह नए वीसी की नियुक्ति से जुड़ी है। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि नए कुलपति के कार्यभार संभालने से पहले पसंदीदा ठेकेदारों और फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए करोड़ों के प्रोजेक्ट्स की फाइलें तेजी से पास कराई जा रही हैं। इसी कड़ी में नए कैंपस की मेंटेनेंस, पेंट वर्क और सौंदर्यीकरण के नाम पर करीब 4 करोड़ रुपये का टेंडर बेहद गोपनीय और तेज तरीके से तैयार किया गया है। आरोप है कि फाइलों पर नोटिंग और अप्रूवल के लिए कुछ ही घंटों में दस्तखत हो रहे हैं।
शिक्षक संगठनों और कर्मचारियों में रोष, जांच की मांग
विश्वविद्यालय के शिक्षक संगठनों, कर्मचारियों और छात्रों में इस मामले को लेकर नाराजगी है। एक तरफ विभिन्न विभागों में वित्तीय संकट है और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और गेस्ट फैकल्टी के वेतन में देरी की शिकायतें आम हैं। दूसरी तरफ हॉस्टल फंड ट्रांसफर करने और करोड़ों के टेंडर निकालने की तैयारी पर सवाल उठ रहे हैं। जींद रोड स्थित इस प्रतिष्ठित तकनीकी विश्वविद्यालय की साख पर भी इसका असर पड़ रहा है। अब नजर इस पर है कि शासन, प्रशासन या कुलाधिपति कार्यालय इस मामले का संज्ञान लेता है या नए वीसी के आने से पहले फाइलें चुपचाप आगे बढ़ जाती हैं।