करियर। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआबी एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। जो उम्मीदवार 13 नवंबर तक फॉर्म नहीं भर पाए थे, वे अब 15 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड के शुद्धिपत्र में यह जानकारी दी गई है।
फीस जमा करने की आखिरी तारीख भी 15 नवंबर
बोर्ड ने उम्मीदवारों की सुविधा और आखिरी वक्त में वेबसाइट पर बढ़ने वाले ट्रैफिक को देखते हुए यह फैसला लिया है। आवेदन के साथ ऑनलाइन फीस जमा करने की आखिरी तारीख भी 15 नवंबर 2026 ही रखी गई है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन विंडो बंद हो जाएगी। साथ ही अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा। इसलिए आखिरी घंटे का इंतजार किए बिना आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाकर आवेदन पूरा कर लें।
कितने पदों पर होनी है भर्ती
इस भर्ती से रेलवे के अलग अलग जोन में कुल 1688 खाली पद भरे जाएंगे। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700 पद, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600 पद, अकाउंट्स क्लर्स कम टाइपिस्ट के 200 पद और ट्रेन्स क्लर्क के 188 पद शामिल हैं। आवेदन के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा 1 जनवरी 2027 के हिसाब से न्यूनतम 18 और अधिकतम 30 साल तय है। आरक्षित वर्ग को सरकारी नियमों के मुताबिक अधिकतम आयु में छूट मिलेगी।
16 नवंबर से खुलेगी करेक्शन विंडो
फॉर्म भरते समय गलती हो गई हो तो सुधार का मौका भी मिलेगा। बोर्ड के कार्यक्रम के मुताबिक एप्लीकेशन करेक्शन विंडो 16 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक खुली रहेगी। इसमें सिर्फ पहले से जमा किए गए फॉर्म में तय शुल्क के साथ बदलाव हो सकेगा। नया रजिस्ट्रेशन इस विंडो से नहीं होगा।
आवेदन करते समय इन बातों का ध्यान रखें
बोर्ड ने साफ किया है कि आधार वेरिफिकेशन और पोर्टल पर लाइव फोटो कैप्चर करना जरूरी है। आधार में दर्ज नाम और जन्म तिथि 10वीं के प्रमाणपत्र से पूरी तरह मेल खानी चाहिए। एक उम्मीदवार सिर्फ एक ही आरआरबी जोन के लिए आवेदन कर सकता है। एक से ज्यादा जोन में आवेदन करने पर उम्मीदवारी रद्द हो सकती है। चयन प्रक्रिया में पहले सीबीटी 1, फिर सीबीटी 2। इसके बाद पद के हिसाब से टाइपिंग स्किल टेस्ट और आखिर में दस्तावेज सत्यापन व मेडिकल जांच होगी।