भारतीय वायु सेना की ताकत बढ़ाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मिलने वाली है, भारत में निर्मित पहला C295 परिवहन विमान 31 दिसंबर 2026 तक वायु सेना को सौंपा जा सकता है। यह देश की निजी इंडस्ट्री में निर्मित पहला सैन्य विमान होगा, विमान का अंतिम उड़ान परीक्षण और सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है ।
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) और यूरोपीय कंपनी एयरबस साल के अंत तक इसकी डिलीवरी देने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं। यह विमान वायु सेना के C295 बेड़े में शामिल होगा। इसके दो स्क्वाड्रन फिलहाल आगरा और वडोदरा में हैं। उम्मीद है कि दिसंबर तक वायु सेना तीसरे C295 स्क्वाड्रन को तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू करेगी।
21,935 करोड़ रुपये का है विमान सौदा
रक्षा मंत्रालय ने सितंबर 2021 में एयरबस के साथ 56 C295 विमानों के लिए 21,935 करोड़ रुपये का अनुबंध किया था इसका मकसद रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और मेक इन इंडिया को बढ़ावा देना है । समझौते के तहत 16 विमान स्पेन से तैयार हालत में भारत को दिए जाने थे, जबकि बाकी 40 विमानों का निर्माण और असेंबली भारत में होनी है। अब तक स्पेन से सभी 16 विमान भारतीय वायु सेना को सौंपे जा चुके हैं ।
भारत में बनने वाले पहले विमान की डिलीवरी पहले सितंबर 2026 के आसपास तय थी, लेकिन इसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं। अक्टूबर में तत्कालीन वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी इन समस्याओं की जानकारी दी थी। अधिकारियों के मुताबिक, अब उत्पादन और डिलीवरी का पूरा कार्यक्रम तय योजना के अनुसार चल रहा है। बाकी 39 विमान अगस्त 2031 तक वायु सेना को सौंपे जाने हैं।
चीन सीमा पर लॉजिस्टिक्स क्षमता होगी मजबूत
C295 विमान वायु सेना की परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा, खासकर चीन सीमा के पास अग्रिम इलाकों में सैनिकों और जरूरी सामान की आवाजाही के लिए यह उपयोगी होगा। ये विमान 1960 के दशक की शुरुआत से सेवा दे रहे पुराने एवरो परिवहन विमानों की जगह लेंगे।
C295 एक सैन्य परिवहन विमान है, जिसे कम दूरी के रनवे और अपेक्षाकृत कठिन परिस्थितियों में भी संचालन के लिए तैयार किया गया है। इसकी अधिकतम गति करीब 480 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें एक बार में 71 सैनिक या करीब 45 पैराट्रूपर्स बैठ सकते हैं। यह लगभग 9 टन तक का सामान ले जाने में सक्षम है। इसमें पीछे की ओर रैंप दिया गया है, जिसकी मदद से सैनिकों और सैन्य सामान को उतारना आसान होता है। यह छोटी और कच्ची हवाई पट्टियों से उड़ान भरने और उतरने की क्षमता भी रखता है।