दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में दीवारों पर लिखे नारों को लेकर विवाद सामने आया है, परिसर में ‘फ्री उमर खालिद’ और ‘लॉन्ग लिव नक्सलबाड़ी’ जैसे नारे लिखे मिले हैं। यह मामला जामिया मिलिया इस्लामिया में इसी तरह की विवादित लिखावट सामने आने के एक दिन बाद सामने आया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की है। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने नारों पर आपत्ति जताई और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है, हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दीवारों पर नारे किसने लिखे।
ABVP ने लगाए छात्र संगठनों पर आरोप
ABVP का आरोप है कि परिसर में इस तरह की राजनीतिक लिखावट से विश्वविद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित होता है। संगठन ने वीर सावरकर के चित्र के पास आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जामिया में भी सामने आए थे नारे
इससे पहले जामिया मिलिया इस्लामिया की दीवारों पर ‘फ्री कश्मीर’ और ‘फ्री शरजील इमाम’ जैसे नारे लिखे होने की खबर सामने आई थी। वहां छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी चल रहा है। दोनों विश्वविद्यालयों में सामने आए मामलों के बाद छात्र राजनीति और परिसर में अभिव्यक्ति की सीमा को लेकर बहस तेज हो गई है ।